महाराष्ट्र और गुजरात में तेजी से बिगड़ रहे हालात, देश में 18 हजार के पास पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा

महाराष्‍ट्र और गुजरात में कोरोना वायरस से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। देशभर में पिछले 24 घंटे में 15 सौ से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं और 40 लोगों की मौत हुई है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Mon, 20 Apr 2020 10:39 PM (IST) Updated:Tue, 21 Apr 2020 08:04 AM (IST)
महाराष्ट्र और गुजरात में तेजी से बिगड़ रहे हालात, देश में 18 हजार के पास पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा
महाराष्ट्र और गुजरात में तेजी से बिगड़ रहे हालात, देश में 18 हजार के पास पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा

नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस से महाराष्ट्र में हालात काबू में होते नजर नहीं आ रहे हैं। राज्‍य में सोमवार को 466 नए मामले सामने आए जबकि नौ लोगों की मौत हो गई। कल यानी रविवार को भी महाराष्‍ट्र में 552 नए केस मिले थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, इस महामारी से देशभर में पिछले 24 घंटे में 15 सौ से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं और 40 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 17,656 और मृतकों की संख्या 559 हो गई है। हालांकि, 2,842 मरीज अभी तक ठीक भी हुए हैं।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 466 नए केस

राज्य सरकारों से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को महाराष्ट्र में नौ, गुजरात में आठ, उत्तर प्रदेश व आंध्र प्रदेश में तीन-तीन, दिल्ली, मध्य प्रदेश व तेलंगाना में दो-दो और तमिलनाडु में एक व्यक्ति की जान चली गई।महाराष्ट्र में मृतकों का आंकड़ा 232 हो गया है जबकि गुजरात में अब तक 71 लोगों की जान जा चुकी है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 466 नए केस सामने आए। हालांकि, रविवार की तुलना में यह संख्या कम है। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 4,666 पर पहुंच गया है। इसमें सबसे ज्यादा 187 मामले अकेले मुंबई में सामने आए हैं। मुंबई के बाहरी इलाके वसई-विरार में 22 मामले मिले हैं।

अहमदाबाद और सूरत में हालात चिंताजनक

गुजरात में 201 नए मामले सामने आए हैं जिससे संक्रमितों की आंकड़ा 1,939 हो गया है। राज्य में पिछले कुछ दिनों से नए मामलों में वृद्धि हुई है, खासकर अहमदाबाद और सूरत में हालात बेहद चिंताजनक होते जा रहे हैं। राज्य सरकारों और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों में अंतर पर अधिकारियों का कहना है कि राज्यों से सूचनाएं मिलने में देरी होती है और प्राप्त जानकारियों को संकलित करने में भी समय लगता है इसलिए यह अंतर होता है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्य सरकारों से भी आंकड़े हासिल करती हैं।

यूपी में 121 नए केस

उत्तर प्रदेश में भी हालत चिंताजनक बनती जा रही है। कई जिलों में तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। सोमवार को भी राज्य में 121 नए मामले सामने आए, जिसमें 59 तब्लीगी जमात से जुड़े हैं। राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,221 हो गई। उत्तराखंड में एक दो नए मामले सामने आए हैं और दोनों जमाती हैं। संक्रमितों की संख्या 46 हो गई है। मध्य प्रदेश में 88 केस मिले हैं जिसमें 11 जमाती हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 1487 हो गया है। बिहार 17 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 113 हो गई है। चार नए मामलों के साथ झारखंड आंकड़ा 46 पर पहुंच गया है। 

आंध्र-तमिलनाडु में भी बढ़ रहे मामले

दक्षिण भारत के राज्य केरल ने जहां कोरोना को लगभग कंट्रोल कर लिया है वहीं, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में हालात काबू में नहीं आ रहे। केरल में छह नए मामले मिले हैं। राज्य में अभी तक 408 संक्रमित पाए गए हैं, हालांकि, एक्टिव मामलों की संख्या 114 ही है। आंध्र प्रदेश में 75 नए केस मिले और संक्रमितों की संख्या 722 हो गई है। आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ने राज्य में सामुदायिक स्तर पर संक्रमण फैलने की आशंका जताई है। 43 नए मामलों के साथ तमिलनाडु में संक्रमितों का आंकड़ा 1,520 पर पहुंच गया है। कर्नाटक में पांच मामले मिले हैं और आंकड़ा 395 पर पहुंच गया है। 

बंगाल में तीन सौ से ज्यादा संक्रमित

बंगाल में 54 नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 339 पर पहुंच गया। ओडिशा में 13 केस सामने आए हैं और ये सभी तब्लीगी जमात से जुड़े हैं। राज्य में अभी तक कुल संक्रमित 74 हो गए हैं। अंडमान निकोबार में भी एक नया मामला सामने आया है। वहां अभी तक 16 केस मिले हैं। इनमें से कई स्वस्थ भी हो चुके हैं। तेलंगाना में 14 नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 872 हो गई है। 

जम्मू-कश्मीर में चार सौ के करीब मरीज

मरीज जम्मू-कश्मीर में भी कुछ दिनों के बाद नए मामले तेजी से सामने आने लगे हैं। सोमवार को भी राज्य में 14 नए केस मिले और संक्रमितों का आंकड़ा 395 पर पहुंच गया। पंजाब में एक और हरियाणा में एक-एक नया मामला मिला और दोनों राज्यों में क्रमश: 245 और 257 संक्रमित हो गए हैं। राजस्थान में भी 57 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा डेढ़ हजार को पार कर 1,535 पर पहुंच गया है। 

राज्य संक्रमित

महाराष्ट्र - 4,666

दिल्ली - 2,081

गुजरात - 1,939

तमिलनाडु - 1,520

राजस्थान - 1,535

मध्य प्रदेश - 1,487

उत्तर प्रदेश - 1,221

तेलंगाना - 872

आंध्र प्रदेश - 722

केरल - 408

कर्नाटक - 395

जम्मू-कश्मीर - 395

बंगाल - 339

हरियाणा - 257

पंजाब - 245

बिहार - 113

ओडिशा - 74

उत्तराखंड - 46

हिमाचल प्रदेश - 40

छत्तीसगढ़ - 36

झारखंड - 46

असम - 34

चंडीगढ़ - 21

लद्दाख - 19

अंडमान-निकोबार -16

मेघालय -11

पुडुचेरी - 8

गोवा - 7

मणिपुर - 2

त्रिपुरा - 2

मिजोरम - 1

 नगालैंड - 1

chat bot
आपका साथी