24 घंटों के अंदर ठीक हुए मरीजों की संख्या में रिकॉर्डतोड़ बढोत्तरी, एक दिन में 2.31 लाख कोरोना टेस्ट

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में कोरोना जांच करने वाली प्रयोगशालाओं की संख्या 1036 हो गई है। इसमें 749 सरकारी और 287 निजी प्रयोगशालाएं हैं।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Sun, 28 Jun 2020 09:44 PM (IST) Updated:Mon, 29 Jun 2020 01:09 AM (IST)
24 घंटों के अंदर ठीक हुए मरीजों की संख्या में रिकॉर्डतोड़ बढोत्तरी, एक दिन में 2.31 लाख कोरोना टेस्ट
24 घंटों के अंदर ठीक हुए मरीजों की संख्या में रिकॉर्डतोड़ बढोत्तरी, एक दिन में 2.31 लाख कोरोना टेस्ट

नई दिल्ली, जेएनएन।  देश में कोरोना संक्रमण से पीड़ित मरीजों की जांच लगातार बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे के दौरान 2.31 लाख से अधिक सैंपल की जांच की गई है। अब तक 82.27 लाख सैंपल की जांच की जा चुकी है। इस दौरान 14,229 मरीज पूरी तरह हुए ठीक हैं और संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 58.56 फीसद हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में कोरोना जांच करने वाली प्रयोगशालाओं की संख्या 1,036 हो गई है। इसमें 749 सरकारी और 287 निजी प्रयोगशालाएं हैं। मौजूदा समय में 1,055 अस्पतालों में पूरी तह से कोरोना के मरीजों का इलाज हो रहा है। इनमें 1,77,529 आइसोलेशन बेड, 23,168 आइसीयू बेड और 78,060 ऑक्सीजन की सुविधा वाले बेड उपलब्ध हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से रविवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे में रिकॉर्ड 19,906 नए मामले सामने आए हैं। पिछले पांच दिनों से लगातार 15 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। संक्रमित लोगों का आंकड़ा 5,28,859 पर पहुंच गया है। इसमें से 3,09,712 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मामले 2,03,051 रह गए हैं। इस महामारी से और 410 लोगों की मौत हुई है और अब तक जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 16,095 हो गई है।

24 घंटों में महाराष्ट्र  में 156 मौतें

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ और अन्य स्रोतों से शाम पौने सात बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक शनिवार रात से अब तक 16,010 नए केस मिले हैं। इस दौरान 7,433 लोगों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली है। रविवार को 318 लोगों की जान गई, जिसमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 156, दिल्ली में 65, तमिलनाडु में 54, गुजरात में 19, आंध्र प्रदेश में 12, उत्तर प्रदेश में 11, राजस्थान में पांच और ओडिशा में तीन मौतें शामिल हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 156 में से 60 मौतें पिछले 48 घंटे के दौरान हुई हैं। जबकि, बाकी की मौतें पहले की हैं, लेकिन उन्हें कोरोना से मौत के रूप में दर्ज नहीं किया गया था।

स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्त्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से केंद्रीय मंत्रालय को सूचनाएं देर से मिलना है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी कर देती हैं।

महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 5,493 नए मामले

महाराष्ट्र में रविवार को रिकॉर्ड 5,493 नए मामले सामने आए और संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,64,626 हो गई है। राज्य में अब तक 7,429 लोगों की मौत भी हुई है। राज्य में पिछले दो दिनों के दौरान 150 पुलिसकर्मी भी संक्रमित हुए हैं। वहीं अकोला जेल में 68 कैदी भी संक्रमित पाए गए हैं। इन कैदियों के लिए जेल में ही आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है।

दक्षिण भारत में थम नहीं रहा संक्रमण

तमिलनाडु में कोरोना संक्रमण के प्रसार पर रोक नहीं लग पा रही है। राज्य में और 3,940 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या बढ़कर 82,275 हो गई है। राज्य में नए मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है। 45 हजार से ज्यादा मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं। राज्य में अब तक 1074 लोगों की जान भी जा चुकी है। आंध्र प्रदेश में भी 813 नए मामले सामने आए हैं और मरीजों की संख्या 13,098 हो गई है। 169 लोगों की मौत भी हो चुकी है। केरल में भी 128 नए केस मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा 4,189 पर पहुंच गया है। राज्य में पिछले 10 दिनों से लगातार सौ से ज्यादा नए मामले मिल रहे हैं। कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने कहा कि बेंगलुरु में बढ़ते मामलों को देखते हुए विशेषज्ञों की एक समिति पूरे महानगर का सर्वे करने वाली है। समिति सामुदायिक संक्रमण को लेकर जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

दिल्ली मे लगातारं दूसरे दिन तीन हजार से कम केस

राजधानी दिल्ली में लगातार दूसरे दिन रविवार को तीन हजार से कम नए मामले सामने आए। इससे पहले साढ़े तीन हजार से ज्यादा केस मिल रहे थे। राजधानी में अब तक 83,077 मामले सामने आए चुके हैं और 2,623 लोगों की जान भी जा चुकी है। ओडिशा में 264 केस सामने आए हैं और मरीजों की संख्या बढ़कर 6,614 हो गई है।

उत्तर प्रदेश में 22 हजार से अधिक मरीज

उत्तर प्रदेश में भी लगातार मामले बढ़ रहे हैं। राज्य में और 606 नए केस मिले हैं। राज्य में अब तक 22147 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। 660 लोगों की मौत भी हो चुकी है। राज्य सरकार ने घर-घर सर्वे कराने का फैसला किया है। राजस्थान में भी 175 नए केस मिले हैं और मरीजों की संख्या 17,119 हो गई है। 138 मरीजों के साथ बिहार में संक्रमितों की संख्या 9,117 हो गई है।

गुजरात में 1,705 हीरा कारीगरों की स्क्रीनिंग

गुजरात के सूरत में हीरा कारीगरों की स्क्रीनिंग शुरू की गई है। पिछले दिनों यहां बड़ी संख्या में हीरा कारीगर संक्रमित पाए गए थे, जिसके बाद यह काम शुरू किया गया है। राज्य में अब तक 31,397 लोगो संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 22,808 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और सक्रिय मामले 6,780 ही रह गए हैं। पिछले चौबीस घंटे के दौरान 624 नए मामले सामने आए।

पूर्वोत्तर में भी बढ़ रहे मामले

पूर्वोत्तर के राज्यों में भी लगातार संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। नगालैंड में 28 नए मामलों के साथ 415 मरीज अब तक संक्रमित पाए गए हैं। इसी तरह से अरुणाचल प्रदेश में अब तक 177, मणिपुर में 1,092, मिजोरम में 151, मेघालय में 50 और त्रिपुरा में 1,340 संक्रमित मामले अब तक सामने आ चुके हैं।

chat bot
आपका साथी