किसानों से मिले राहुल, कहा - उद्योगपतियों के लिए है मोदी सरकार

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मौसम की मार से बेहाल किसानों के आंसू पोछने विदर्भ पहुंचे। राहुल ने अमरावती में किसानों से मुलाकात के बाद कहा कि किसानों का कर्ज सबसे बड़ी समस्‍या है। किसानों को लगता है कि सरकार ने उन्‍हें छोड़ दिया है। राहुल ने किसानों को भरोसा दिलाया

By Sudhir JhaEdited By: Publish:Thu, 30 Apr 2015 08:18 AM (IST) Updated:Thu, 30 Apr 2015 05:59 PM (IST)
किसानों से मिले राहुल,  कहा -   उद्योगपतियों के लिए है मोदी सरकार

नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मौसम की मार से बेहाल किसानों के आंसू पोछने विदर्भ पहुंचे। राहुल ने अमरावती में किसानों से मुलाकात के बाद कहा कि किसानों का कर्ज सबसे बड़ी समस्या है। किसानों को लगता है कि सरकार ने उन्हें छोड़ दिया है। राहुल ने किसानों को भरोसा दिलाया कि वो उनके साथ हैं। इससे पहले, राहुल ने 15 किलोमीटर की पदयात्रा की। इस दौरान राहुल अमरावती में आत्महत्या करने वाले किसान किशोर कांबले के परिवार के सदस्यों से मिले।

किसानों से मुलाकात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार उद्योगपतियों के लिए हैं। गरीबों और किसानों के प्रति ये सरकार असंवेदनशील है। उन्होंने कहा कि विदर्भ के ऐसे हालात उन्होंने पहले कभी नहीं देखे। किसानों पर कर्ज का बोझ बढा़ है और न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं बढा़ है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे संयम न खोएं। किसानों की हालत को लेकर राहुल ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि दोनों सरकार किसानों की उपेक्षा कर रही हैं।

राहुल गांधी की पदयात्रा को अच्छा बताते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने कहा कि राहुल जी को किसानों की समस्याएं जानने-सुनने का पूरा अधिकार है। यह बहुत ही अच्छी बात है कि वे किसानों की समस्याओं से चिंतित हैं। साथ ही देवेंद्र ने कहा कि महाराष्ट्र में पिछले प्ंद्रह साल से कांग्रेस सरकार थी, तो उस दरम्यान किसानों की स्थिति क्यों नहीं बदली थी। इसका जवाब राहुल जी को देना होगा। हम तो पहले से ही किसानों की समस्याएं निपटा रहे हैं। अगर राहुल जी किसी समस्या से अवगत कराएंगे तो उस पर जरूर अमल किया जाएगा।

गौरतलब है कि राहुल गांधी किसानों के मुद्दे उठाकर मोदी सरकार को घेर रहे हैं। एेसा कर राहुल अपनी पार्टी को फिर से खड़ा करने की एक कोशिश कर रहे हैं। दो महीने विदेश में रहने के बाद राहुल ने भारत आते ही किसानों के मुद्दे पर मोदी सरकार पर जोरदार हमला शुरू कर दिया।

अमरावती के गुंजी गांव से राहुल गांधी ने पदयात्रा शुरू कर दी है और वे अब शाहपुर पहुंच गए हैं। राहुल से मिलने की लिए भारी संख्या में किसानों का जमावड़ा हुआ है। राहुल के स्वागत की जोरदार तैयारियां भी की गई हैं। रास्ते में सुस्वागतम लिखकर राहुल गांधी का स्वागत किया जा रहा है। साथ ही साथ कई जगहों पर स्वागत द्वार भी बनाए गए हैं।

राहुल गांधी बुधवार रात नागपुर पहुंचे, वह महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में कृषि संकट को उजागर करने के लिए आज पदयात्रा कर रहे हैं। गौरतलब है कि महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में सबसे अधिक किसानों ने आत्महत्या की है।

राहुल का पार्टी के कार्यकर्ताओं ने यहां पहुंचने पर भव्य स्वागत किया और उनकी प्रशंसा में नारे लगाए। कांग्रेस नेता रात 10 बजे के करीब नागपुर हवाई अड्डे पर उतरे। वह यहां निर्धारित समय से 40 मिनट पहले पहुंचे। हवाई अड्डे के बाहर भगदड़ जैसी स्थिति हो गई क्योंकि पार्टी कार्यकर्ता उन्हें बधाई देने के लिए एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे।

पुलिस को उत्साही कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और लगाए गए कुछ बैरिकेड इस अव्यवस्था में टूट गए। राहुल ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए माला और गुलदस्ते को स्वीकार किया और उसके बाद कार में बैठकर रवाना हो गए।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण, पूर्व सांसद विलास मुत्तेमवार, पूर्व मंत्री अनीस अहमद और नागपुर नगर कांग्रेस अध्यक्ष विकास ठाकरे सहित कई अन्य नेताओं ने हवाई अड्डे पर राहुल की अगवानी की।

पढ़ेंः राहुल ने मोदी पर कसा तंज, कहा- पंजाब भी जाएं पीएम

पढेंः नहीं छीनने देंगे किसान की जमीनः राहुल

chat bot
आपका साथी