राहुल गांधी ने दो साल में सौ बार तोड़े सुरक्षा नियम : राजनाथ सिंह

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने सुरक्षा के साथ खुद लापरवाही की है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Wed, 09 Aug 2017 04:21 AM (IST) Updated:Wed, 09 Aug 2017 04:21 AM (IST)
राहुल गांधी ने दो साल में सौ बार तोड़े सुरक्षा नियम : राजनाथ सिंह
राहुल गांधी ने दो साल में सौ बार तोड़े सुरक्षा नियम : राजनाथ सिंह

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। राहुल गांधी की सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगा रही कांग्रेस पार्टी को गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को लोकसभा में करारा जवाब दिया। गृह मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने सुरक्षा के साथ खुद लापरवाही की है। पिछले दो सालों में सौ बार सुरक्षा नियमों को तोड़ा है। गुजरात के दौरे के दौरान भी उन्होंने एसपीजी अफसरों की सुरक्षा सलाह मानने के बजाय अपने पीएस ( निजी सचिव) की बात मानी और बुलेट प्रूफ गाड़ी के बजाय एक ऐसी गाड़ी का इस्तेमाल किया, जो बुलेट प्रूफ कवर नहीं थी।

 गृह मंत्री राजनाथ सिंह के इस जवाब को सुनते ही लोकसभा में राहुल गांधी की सुरक्षा पर गृह मंत्री के बयान की मांग करने वाले कांग्रेसी सांसद बिफर पड़े। उन्होंने एक-एक कर राहुल गांधी की सुरक्षा से जुड़ी पूरी बात सदन के सामने रखी। इसकी जानकारी खुद उन्हें, उनके कार्यालय और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी दी गई। गृह मंत्री यही नहीं रूके। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ओर से सुरक्षा नियमों का यह उल्लंघन आंतरिक दौरों के दौरान ही नहीं, बल्कि विदेश दौरों के दौरान भी किया जाता है।

 गृह मंत्री सिंह ने बताया कि राहुल गांधी पिछले छह विदेश दौरे के दौरान करीब 72 दिन बाहर रहे है। लेकिन वह एसपीजी को अपने साथ नहीं ले गए। यहां तक कि उन्होंने अपने विदेश दौरे की जानकारी भी दौरा शुरु करने के कुछ घंटे पहले ही दी। गृहमंत्री ने सवाल किया, कि आखिर उन्होंने विदेशी दौरे के दौरान एसपीजी कवर क्यों नहीं लिया? वह देश से क्या छिपाना चाहते है? जानबूझकर वह एसपीजी कवर क्यों छोड़ देते है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस भले ही कह रही है कि राहुल गांधी आपदा प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने के लिए गुजरात गए थे, लेकिन सारी जानकारी लेने के बाद मुझे लगता है कि वह आपदा पर्यटन पर गए थे। गृह मंत्री ने इस दौरान गुजरात सरकार का बचाव किया और कहा कि राहुल के दौरे के दौरान राज्य सरकार ने सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की थी। जो घटना हुई, उसकी जांच भी करा रही है। दोषियों पर कार्रवाई होगी।

 गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी देश की एक बड़ी राजनीतिक पार्टी के उपाध्यक्ष है। लोकसभा से सदस्य है। सभी को उनकी सुरक्षा की पूरी चिंता है। गृह मंत्री के बयान से तिलमिलाई कांग्रेस ने लोकसभा में अपना हंगामा जारी रखा। इस दौरान एक बार सदन की कार्यवाही को रोकना पड़ा, लेकिन जब हंगामा नहीं थमा, तो लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी। लोकसभा में इस मामले को कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने उठाया था।

सुरक्षा मामले में राजनीति बंद करें गृह मंत्री : दिग्विजय

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि गृह मंत्री सुरक्षा के मामले में राजनीति करना बंद करें। उन्होंने कहा कि यह सुरक्षा चूक से जुड़ा गंभीर मसला है।

यह भी पढें: कश्मीर विश्वविद्यालय को जीवंत संस्थान बनाएं : राज्यपाल

chat bot
आपका साथी