Covid-19: देश में कोरोना महामारी के खिलाफ जंग की तस्वीर बदली, नए मामलों से ज्यादा मरीज हुए ठीक

कोरोना महामारी के चलते उत्तर प्रदेश में मरने वालों की संख्या 5047 हो गई है। रविवार को रिकॉर्ड 94 लोगों की मौत हुई।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sun, 20 Sep 2020 10:08 PM (IST) Updated:Sun, 20 Sep 2020 10:08 PM (IST)
Covid-19: देश में कोरोना महामारी के खिलाफ जंग की तस्वीर बदली, नए मामलों से ज्यादा मरीज हुए ठीक
Covid-19: देश में कोरोना महामारी के खिलाफ जंग की तस्वीर बदली, नए मामलों से ज्यादा मरीज हुए ठीक

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई की तस्वीर बदल रही है। अभी तक रोजाना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या ज्यादा होती थी और ठीक होने वालों की कम, लेकिन पिछले दो दिनों से मामला उलट गया है। अब नए मरीजों से अधिक संख्या में लोग ठीक हो रहे हैं। रविवार को 92 हजार नए केस मिले तो 94 हजार से अधिक मरीजों ने कोरोना को मात दी।

कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 54 लाख के पार, स्वस्थ होने की दर 80 फीसद

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक 92,605 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 54 लाख को पार कर गया है। इस दौरान 94,612 मरीज ठीक भी हुए हैं और अब तक कोरोना से उबरे लोगों का आंकड़ा भी 43 लाख से अधिक हो गया है। इस तरह मरीजों के स्वस्थ होने की दर 79.68 फीसद पर पहुंच गई है। 1,133 नई मौतों के साथ कोरोना महामारी के चलते जान गंवाने वालों की संख्या भी 86,752 हो गई है। 10.10 लाख सक्रिय मामले रह गए हैं, जो कुल मामलों का 18.72 फीसद है।

शनिवार को 12.06 लाख कोरोना टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक शनिवार को देशभर में कुल 12 लाख छह हजार से अधिक नमूनों की जांच की गई। कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए अब तक कुल छह करोड़ 36 लाख से अधिक सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

महाराष्ट्र में 12 लाख के पार मामले

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या 12 लाख को पार कर गई है। बीते चौबीस घंटों के दौरान राज्य में 20,598 नए मामले मिले और 455 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब तक 32,671 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र के पड़ोसी गोवा और गुजरात में क्रमश: 407 और 1,407 नए मामले मिले हैं और कुल मामले 28,429 और 1.23 लाख से अधिक हो गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 3,812 नए मामलों के साथ 2.46 लाख संक्रमित हो गए है। दिल्ली में और 37 लोगों की मौत हुई है और मृतकों का आंकड़ा पांच हजार (4,982) के करीब पहुंच गया है।

केरल में रिकॉर्ड 4,696 नए संक्रमित

दक्षिण भारत के राज्यों में केरल को छोड़कर अन्य जगह मामलों में कुछ कमी आई है। केरल में रिकॉर्ड 4,696 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 1.35 लाख को पार कर गया है। तमिलनाडु में 5,516 नए केस के साथ 5.41 लाख और आंध्र प्रदेश में 7,738 नए मामलों के साथ कुल 6.25 लाख से अधिक संक्रमित हो गए हैं। अब तक तमिलनाडु में 8,811, आंध्र प्रदेश में 5,359 और केरल में 535 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

उत्तर प्रदेश में 5,000 से अधिक मौतें

कोरोना महामारी के चलते उत्तर प्रदेश में मरने वालों की संख्या 5,047 हो गई है। रविवार को रिकॉर्ड 94 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा बंगाल में अब तक 2.25 लाख मामले मिल चुके हैं और और 4,359 मौतें हो चुकी हैं। त्रिपुरा में 525 नए मामलों के साथ 22 हजार से ज्यादा संक्रमितों का आंकड़ा हो गया है।

chat bot
आपका साथी