पाक सेना ने फिर किया संघर्ष विराम उल्लंघन, उड़ी सेक्टर में दागे मोर्टार

पाकिस्तान में फिर मंगलवार को संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए कश्मीर के उड़ी सेक्टर में मोर्टार और गोले दागे। जिसके जवाब में भारतीय सेना ने भी गोलीबारी की।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Wed, 25 May 2016 01:36 AM (IST) Updated:Wed, 25 May 2016 03:16 AM (IST)
पाक सेना ने फिर किया संघर्ष विराम उल्लंघन,  उड़ी सेक्टर में दागे मोर्टार

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : पाकिस्तान ने मंगलवार को एक बार फिर उत्तरी कश्मीर के उड़ी सेक्टर (बारामुला) के अंतर्गत एलओसी के साथ सटे इलाकों में संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए मोर्टार दागे व गोलाबारी की। भारत ने भी जवाब में पाकिस्तानी सेना की चौकियों और बंकरों को निशाना बनाया। बीते एक सप्ताह में उड़ी सेक्टर में पाक गोलीबारी का यह दूसरा मामला है।

संबंधित अधिकारियों ने बताया कि उड़ी सेक्टर में पाक गोलीबारी को घुसपैठियों को भारतीय इलाके में सुरक्षित घुसपैठ के लिए कवर फायर देना भी समझा जा रहा है। इसलिए उड़ी सेक्टर के सभी अग्रिम इलाकों में एहतियातन गश्त बढ़ाते हुए सभी अग्रिम चौकियों को सचेत कर दिया गया है। सभी फील्ड कमांडरों को घुसपैठियों को देखते ही मार भगाने का निर्देश दिया गया है।

उड़ी से मिली जानकारी के अनुसार, पाक सैनिकों ने शाम करीब साढ़े चार बजे भारत के अग्रिम गांव लच्छीपोरा को निशाना बनाया। पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों और बंकरों पर मोर्टार से गोले दागने के अलावा ग्रामीणों पर भी गोलियां बरसाई। इससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शुरू में तो भारतीय जवान शांत रहे, लेकिन जब गोलाबारी की तीव्रता बढऩे लगी तो उन्होंने भी अपनी बंदूकों के मुंह खोलते हुए पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाया। करीब एक घंटे तक दोनों तरफ से भीषण गोलाबारी हुई। इसके बाद पाकिस्तानी बंदूकें पूरे तरह शांत हो गई और भारतीय जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई बंद कर दी। इस दौरान भारतीय खेमे में किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है।

ये भी पढ़ें- कश्मीर: पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन, एक घंटे तक की फायरिंग

बता दें कि गत 17 मई को भी पाकिस्तानी सैनिकों ने इसी इलाके में भारतीय ठिकानों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की थी। इसी क्षेत्र में 20 मई को आतंकियों के एक दल ने घुसपैठ का प्रयास किया था, लेकिन सेना के जवानों ने उनके इरादे को नाकाम बना उन्हें वापस भागने पर मजबूर कर दिया था। घुसपैठिए अपने कुछ हथियार, कंबल व अन्य सामान भागते हुए भारतीय इलाके में ही छोड़ गए थे।

chat bot
आपका साथी