तेलंगाना पर पीछे नहीं हटेगी सरकार

नई दिल्ली। तेलंगाना पर फैसला वापस लेने संबंधी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी के आग्रह को कांग्रेस ने ठुकरा दिया है। कांग्रेस महासचिव व आंध्र प्रदेश मामलों के प्रभारी दिग्विजय सिंह ने शनिवार को कहा कि तेलंगाना पर सरकार अपने फैसले से पीछे नहीं हटेगी। रेड्डी ने शुक्रवार को कांग्रेस आलाकमान से राज्य के विभ

By Edited By: Publish:Sat, 28 Sep 2013 07:52 PM (IST) Updated:Sat, 28 Sep 2013 08:27 PM (IST)
तेलंगाना पर पीछे नहीं हटेगी सरकार

नई दिल्ली। तेलंगाना पर फैसला वापस लेने संबंधी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी के आग्रह को कांग्रेस ने ठुकरा दिया है। कांग्रेस महासचिव व आंध्र प्रदेश मामलों के प्रभारी दिग्विजय सिंह ने शनिवार को कहा कि तेलंगाना पर सरकार अपने फैसले से पीछे नहीं हटेगी। रेड्डी ने शुक्रवार को कांग्रेस आलाकमान से राज्य के विभाजन का निर्णय वापस लेने की अपील की थी।

पढ़ें: तेलंगाना के विरोध में सांसदों ने किया अनोखा विरोध

कांग्रेस महासचिव ने शनिवार को नई दिल्ली में पत्रकारों को बताया कि कांग्रेस कार्यसमिति ने सभी पक्षों से बातचीत के बाद ही राज्य के विभाजन पर मुहर लगाई थी और अब इससे पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि फैसले से पहले तेलंगाना और सीमांध्र के वरिष्ठ नेताओं ने एक मत से समर्थन किया था। दिग्विजय ने कहा कि तेदेपा, वाईएसआर कांग्रेस और भाजपा जैसी पार्टियां फैसले से पीछे हट सकती हैं, लेकिन कांग्रेस सरीखी राष्ट्रीय पार्टी इससे कतई पीछे नहीं हटेगी।

दूसरी ओर, राज्य विभाजन के फैसले के विरोध में पशुपालन मंत्री पी. विश्वरूप का इस्तीफा राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन ने मंजूर कर लिया है। मंत्री ने दो दिन पहले अपना इस्तीफा सौंपा था। विश्वरूप ने कांग्रेस भी छोड़ दी है। वह तेलंगाना गठन के फैसले के विरोध में पद छोड़ने वाले पहले मंत्री हैं। विश्वरूप के वाईएसआर कांग्रेस के साथ जाने की अटकलें हैं।

इसबीच, प्रदेश के छह सांसद शनिवार को लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार से मिले और उनसे अपना इस्तीफा मंजूर करने का आग्रह किया। स्पीकर से मिलने वाले ये सभी सांसद सीमांध्र क्षेत्र से आते हैं। राज्य विभाजन के फैसले से नाराज होकर इन सबने एक महीने पहले लोकसभा के तत्कालीन महासचिव टीके विश्वनाथन को अपने इस्तीफे सौंपे थे। इनमें से दो कांग्रेस छोड़कर वाईएसआर कांग्रेस में जा चुके हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी