महात्‍मा गांधी का सच्‍चा सपना जी रहे मोदी : तारा गांधी

विशेष बातचीत में महात्‍मा गांधी की पौत्री तारा गांधी ने कहा नरेंद्र मोदी बापू का सच्‍चा सपना जी रहे हैं।

By vivek pandeyEdited By: Publish:Fri, 28 Nov 2014 08:55 AM (IST) Updated:Fri, 28 Nov 2014 08:59 AM (IST)
महात्‍मा गांधी का सच्‍चा सपना जी रहे मोदी : तारा गांधी

इंदौर (ईश्वर शर्मा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के बीच महात्मा गांधी को लेकर मची खींचतान के बीच बापू की पौत्री की ओर से बड़ा बयान आया है। महात्मा गांधी के पुत्र देवदास गांधी की बेटी तारा गांधी भट्टाचार्य का कहना है कि 'प्रधानमंत्री मोदी बापू का सच्चा सपना जी रहे हैं। देश को साफ होता देख बापू की आत्मा को सुकून मिल रहा होगा।" यह बात उन्होंने नईदुनिया से विशेष बातचीत में कही।

80 वर्षीय श्रीमती गांधी भट्टाचार्य संक्षिप्त प्रवास पर दिल्ली से इंदौर स्थित कस्तूरबा गांधी राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट (कस्तूरबा ग्राम) आई थीं। एक और अहम बात कहते हुए उन्होंने देशभर के गांधीवादियों से भी प्रधानमंत्री मोदी के सफाई अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। दुनियाभर में फैल रही हिंसा से दुखी होकर उन्होंने भारत के सर्वोदय दर्शन में शामिल हिंसाविहीन मानस और प्रदूषणरहित पर्यावरण की भी जोरदार वकालत की।

कांग्रेस पर नहीं की कोई बात

मौजूदा हालात में कांग्रेस द्वारा भाजपा और मोदी पर गांधी को उससे छीनने का आरोप लगाया जा रहा है, श्रीमती गांधी भट्टाचार्य ने इस विषय पर कुछ नहीं कहा। उन्होंने सफाई को पूजा और सच्ची देशसेवा बताते हुए मोदी की जमकर तारीफ की। अपने सपने साझा करते हुए उन्होंने 'युवाओं को बापू की विचारधारा से जोड़ने की जरूरत बताई।

कौन हैं श्रीमती तारा गांधी

महात्मा गांधी के चौथे पुत्र देवदास गांधी तथा लक्ष्मी गांधी की बेटी तथा विख्यात अर्थशास्त्री डॉ. ज्योतिप्रसाद भट्टाचार्य की पत्नी हैं। दिल्ली में रहती हैं और कस्तूरबा गांधी राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट, इंदौर की अध्यक्ष हैं। ट्रस्ट देश के 23 राज्यों में कई शाखाएं और 500 से अधिक उपकेंद्र संचालित करता है। उन्होंने 18 साल से 'गंगा बचाओ आंदोलन" से जुड़ते हुए देश के पर्यावरण पर भी खूब काम किया है।

(साभार-नईदुनिया )

chat bot
आपका साथी