मप्र पुलिस का फर्जी ट्विटर अकाउंट: अमित शाह, राहुल गांधी के री-ट्वीट

MP पुलिस का आठ महीने से चल रहा फर्जी ट्विटर अकाउंट, केंद्रीय मंत्रियों सहित अन्य नेताओं को करता है फॉलो

By Srishti VermaEdited By: Publish:Wed, 25 Apr 2018 09:30 AM (IST) Updated:Wed, 25 Apr 2018 12:50 PM (IST)
मप्र पुलिस का फर्जी ट्विटर अकाउंट: अमित शाह, राहुल गांधी के री-ट्वीट
मप्र पुलिस का फर्जी ट्विटर अकाउंट: अमित शाह, राहुल गांधी के री-ट्वीट

भोपाल (रवींद्र कैलासिया)। देशभर में ब़़ढ रहे सायबर क्राइम से मध्य प्रदेश पुलिस भी नहीं बच सकी। किसी ने मप्र पुलिस का एक फर्जी ट्विटर अकाउंट बना दिया है, जिसके 296 फॉलोअर्स हैं। इस अकाउंट का हैंडलर 189 को फॉलो करता है। खास बात यह है कि इस ट्विटर अकाउंट का मप्र पुलिस को पता ही नहीं है।

मंगलवार को जब मीडिया ने इस बारे में पुलिस मुख्यालय को बताया तब अधिकारियों ने मामले को सायबर सेल को सौंपने की बात कही गई। सितंबर 2017 में मप्र पुलिस के नाम से यह ट्विटर अकाउंट बना था, जिसमें अभी तक 31 ट्वीट हुए हैं। इस ट्विटर अकाउंट का नईदुनिया ने गहराई से अध्ययन किया तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

सबसे पहली बात यह देखी कि इसमें 8 सितंबर को लोगो बदलकर मप्र पुलिस का प्रोफाइल डाला गया है। इस ट्विटर अकाउंट से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तक के री-ट्वीट हुए हैं। इसके ट्विटर हैंडलर को 296 लोग फॉलो करते हैं तो यह खुद 189 अकाउंट को फॉलो करता है।

अभिनेता से लेकर मंत्री तक को करता है फालो

जिन्हें वह फॉलो करता है, उनमें अधिकांश समाचार एजेंसियां हैं। इनके अलावा फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, आईपीएस दीपक कुमार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव ऑफिस, भाजपा राष्ट्रीय महासचिव राम माधव व कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय सहाबुद्धे, केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा, रामविलास पासवान, मुख्तार अब्बास नकवी, राधामोहन सिंह, धर्मेद्र प्रधान, जुआल ओराम, वीके सिंह, राज्यवर्धन सिंह व किरण रिजिजू, कुछ भाजपा शासित राज्य सरकारों के मुख्यमंत्री, मंत्री भी शामिल हैं।

उसके फॉलोअर में कुछ ऐसे भी हैं जो विभिन्न आंदोलनों से जुड़े हैं। इनमें एक से दस जून के किसान आंदोलन का समर्थन करने वाले रिंकू खटीक हैं, वहीं गरोठ को जिला बनाने के लिए आंदोलन करने वाले राहुल भाटी का नाम भी है। इनके अलावा नोएडा पुलिस और मप्र की बुरहानपुर पुलिस भी इस फर्जी ट्विटर अकाउंट को फॉलो करती है।

यही नहीं भारतीय पुलिस सेवा के एक अधिकारी संदीप मित्तल भी इसके फॉलोअर हैं। लोगो और सूत्र वाक्य का भी उपयोग इस फर्जी ट्विटर अकाउंट में मप्र पुलिस के लोगो का भी इस्तेमाल किया गया है। लोगो में देशभक्ति, जनसेवा का भी हू-ब-हू उपयोग किया गया है, जिससे यह ट्विटर अकाउंट मप्र पुलिस का ही होने का भ्रम होता है। साथ ही स्वस्थ पुलिस-सुरक्षित प्रदेश का सूत्र वाक्य भी इस अकाउंट में लगाया गया है। इससे एक नजर में इसे देखने पर मध्यप्रदेश पुलिस का अधिकृत ट्विटर अकाउंट ही दिखाई देता है।

इसकी जांच कराई जाएगी। सायबर पुलिस को मामला सौंपा जाएगा।- मकरंद देउस्कर, आईजी इंटेलीजेंस, पुलिस मुख्यालय मप्र

chat bot
आपका साथी