Monsoon Update: दिल्ली में कल मानसून देगा दस्तक, यूपी-बिहार सहित 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, पढ़ें- मौसम विभाग का ताजा अपडेट्स

Monsoon latest updates मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। आईएमडी के मुताबिक मानसून 30 जून को राजधानी दिल्ली में दस्तक दे सकता है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Wed, 29 Jun 2022 09:05 AM (IST) Updated:Wed, 29 Jun 2022 11:06 AM (IST)
Monsoon Update: दिल्ली में कल मानसून देगा दस्तक, यूपी-बिहार सहित 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, पढ़ें- मौसम विभाग का ताजा अपडेट्स
देश के कई राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तर भारत में पड़ रही गर्मी से आज राहत मिलने के आसार हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज, 29 जून को गर्मी के बीच बारिश होने की संभावना हैं। वहीं, एक-दो दिन में मानसून राजधानी दिल्ली में दस्तक दे सकता है। इसके बाद रोजाना झमाझम बारिश होगी। हालांकि, राजधानी में आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली व आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना है। गुजरात के अहमदाबाद में आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी आज बारिश के आसार हैं। इसके अलावा, चंडीगढ़ की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। आंधी तूफान और बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में भी तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। राजस्थान के जयपुर की बात करें तो यहां भी आंधी पानी जारी रहेगा। यूपी-बिहार की बात करें तो दोनों जगह आज कई जिलों में बारिश की संभावना है।

दिल्ली में कल मानसून दे सकता है दस्तक

मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली में बुधवार यानी आज दिन में उमस भरी गर्मी रहेगी। शाम से 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है और रात में कई इलाकों में वर्षा होगी। मौसम के अनुसार 30 जून को दिल्ली में मानसून पहुंचेगा। इस वजह से बृहस्पतिवार को मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है। क्योंकि कई इलाकों में उस दिन तेज वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के विशेषज्ञ आरके जेनामणि ने कहा कि 30 जून व एक जुलाई को अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी।

इन राज्यों में आज बारिश के आसार

मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में आज और आने वाले दिनों के लिए भारी बारिश के आसार जताए हैं। हिमाचल प्रदेश में आज और कल, उत्तराखंड में आज और कल (29, 30 जून) भारी बारिश के संकेत हैं। पश्चिमी यूपी में 30 जून, पूर्वी यूपी में 29 और 30 जून, पूर्वी राजस्थान में 30 जून व एक जुलाई को बारिश की संभावना है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश में आज, छत्तीसगढ़ में आज और कल बारिश की संभावना है। वहीं, ओडिशा, झारखंड, केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान में भी बारिश हो सकती है।

chat bot
आपका साथी