'दंगल' गर्ल जायरा से छेड़खानी, 13 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में आरोपी

'दंगल' फेम अभिनेत्री जायरा वसीम से छेड़खानी मामले में गिरफ्तार आरोपी को 13 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Mon, 11 Dec 2017 07:46 AM (IST) Updated:Mon, 11 Dec 2017 04:18 PM (IST)
'दंगल' गर्ल जायरा से छेड़खानी, 13 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में आरोपी
'दंगल' गर्ल जायरा से छेड़खानी, 13 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में आरोपी

मुंबई, एजेंसी। 'दंगल' फेम अभिनेत्री जायरा वसीम से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 13 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

अभिनेत्री ने शनिवार रात दिल्ली से मुंबई जा रही विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट में एक सहयात्री द्वारा छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री के बयान के आधार पर मामला दर्ज करके रविवार देर शाम अंधेरी के रहने वाले आरोपी विकास सचदेव [ 39 वर्ष)] को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच, विस्तारा एयरलाइंस ने अभिनेत्री से माफी मांगते हुए घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट नागरिक उड्डयन महानिदेशालय [डीजीसीए ] को सौंप दी है।

अभिनेत्री ने अपने साथ हुई इस घटना को 'इंस्टाग्राम' पर लाइव वीडियो के जरिए साझा किया। इसमें जायरा [17] रोते हुए बता रही हैं कि विस्तारा फ्लाइट में अधेड़ उम्र का एक व्यक्ति बार-बार उन्हें अपने पैर से पीठ और गले पर छूने की कोशिश करता रहा, जबकि उस वक्त वह आधी नींद में थीं। जायरा ने सवाल किया- 'क्या किसी लड़की के साथ ऐसा होना चाहिए? यह भयावह था। क्या किसी लड़की की इस तरह सुरक्षा की जाती है। अगर आप खुद अपनी मदद के लिए आगे नहीं बढ़े तो कोई भी मदद के लिए नहीं आता। इससे बुरी बात और कुछ नहीं हो सकती।'

पूरी घटना को रिकॉर्ड करने की कोशिश की, पर..

उन्होंने पूरी घटना को रिकॉर्ड करने की कोशिश की, लेकिन केबिन लाइट्स डिम होने के कारण नहीं कर पाई। उन्होंने कहा- 'मैंने पहले इसे इग्नोर करने की कोशिश की। मुझे लगा ऐसा टर्बुलेंस के कारण हो रहा है, लेकिन बाद में लगा कि यह बदतमीजी है। इसके बाद भी वह नहीं ठहरा और उसने मेरे हाथ व कमर तक अपने पैर पहुंचा दिए।'

महिला आयोग ने दिया नोटिस

इस बारे में राष्ट्रीय महिला आयोग ने कहा है कि हम एयर विस्तारा को नोटिस भेज रहे हैं कि उन्होंने जायरा की मदद नहीं की और विमान से उतरने के बाद भी उस व्यक्ति को गिरफ्तार करने का प्रयास नहीं किया।

यह भी पढें: फौजियों ने खाली कराया कोच, मची भगदड़

chat bot
आपका साथी