जदयू के कई मंत्री-विधायक भाजपा के लिए कर रहे काम: मंगल पांडेय

सूबे में दस सीटों पर हो रहे विधानसभा चुनाव की जंग के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि जदयू के कई मंत्री-विधायक एवं प्रमुख नेता अंदर ही अंदर भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा-जदयू का गठबंधन टूटने और लालू से हाथ मिलाने के बाद यह लोग वहां घुटन महसूस कर रहे

By Edited By: Publish:Fri, 08 Aug 2014 09:28 PM (IST) Updated:Sat, 09 Aug 2014 08:44 AM (IST)
जदयू के कई मंत्री-विधायक भाजपा के लिए कर रहे काम: मंगल पांडेय

हाजीपुर, जागरण संवाददाता। सूबे में दस सीटों पर हो रहे विधानसभा चुनाव की जंग के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि जदयू के कई मंत्री-विधायक एवं प्रमुख नेता अंदर ही अंदर भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा-जदयू का गठबंधन टूटने और लालू से हाथ मिलाने के बाद यह लोग वहां घुटन महसूस कर रहे हैं। उन्हें इस बात का अहसास हो गया है कि मजबूत वोट बैंक किसके पास है। हर दिन जदयू-राजद समेत अन्य दलों का कोई न कोई नेता भाजपा में शामिल हो रहा है। लालू से हाथ मिलाकर नीतीश ने भाजपा की राह आसान कर दी है।

नीतीश का वोट बैंक स्वत: भाजपा में शिफ्ट कर गया है। यह वोट बैंक लालू के जंगलराज के खिलाफ गोलबंद हुआ था। बिहार में फिर से दो विचारधाराओं के बीच संघर्ष शुरु हुआ है, एक ओर भाजपा का विकास और सुशासन है तो दूसरी ओर उन लोगों का विनाश और कुशासन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शुक्रवार को हाजीपुर में मीडिया से बात करते हुए यह बातें कही। इसके पूर्व उन्होंने चुनाव के मद्देनजर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। पांडेय ने कहा कि बिहार में पंद्रह वषरें के शासनकाल को लोगों ने देखा है। किस तरह लोगों को धोखा दिया गया। बिहार को बदनाम किया गया। राज्य की जनता को छलने का काम किया गया। विनाश एवं कुशासन के दौर में बिहार को पहुंचा दिया गया। हम लोगों ने उस जंगलराज के खिलाफ संघर्ष किया। जदयू एवं भाजपा की सरकार बनी थी जिसके बाद काफी परिवर्तन हुआ। बिहार तेजी से विकास के राह पर चल पड़ा था। अचानक नीतीश कुमार ने गठबंधन को तोड़ दिया। उन लोगों से हाथ मिला लिया जिन्होंने बिहार को बदनाम किया था। आज फिर बिहार अराजक दौर में पहुंच गया।

विकास की गाड़ी रुक गयी। सरकारी दल के मंत्री-विधायक पर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश ने जो महागठबंधन बनाया है दरअसल वह विनाशकारी गठबंधन है। बिहार की जनता विकास चाहती है, विनाश नहीं। ऐसे में बिहार की जनता विकास की सोच रखने वाले, सुशासन कायम करने वाले भाजपा के साथ जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में ही बिहार की जनता ने विरोधी दलों को स्पष्ट संदेश दे दिया है। चुनाव में भाजपा दस में दस सीट जीतेगी। इस उपचुनाव से यह संदेश जाएगा कि भाजपा अगले वर्ष बिहार में पूरी मजबूती के साथ सरकार बनाने जा रही है। भाजपा के अंदर नेतृत्व को लेकर हाल के दिनों में उठे सवालों पर पांडेय ने कहा कि भाजपा में नेतृत्व संकट की कोई बात नहीं है। जब समय आएगा तो भाजपा संसदीय बोर्ड नेता की घोषणा कर देगी।

मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के द्वारा नीतीश को अगला सीएम बनाने की घोषणा पर पांडेय ने कहा कि अभी तो शुरुआत है। आगे-आगे देखिए क्या-क्या होता है? महागठबंधन में काफी मारा-मारी है। महादलित समाज से आने वाले मांझी को जब सीएम बनाया गया था उसी वक्त कह दिया कि 16 माह के लिए ही सीएम बनाया जा रहा है। पांडेय ने कहा कि वहां आपस में एकता है ही नहीं। नीतीश ने बेमेल शादी की है। जब बेमेल शादी होती है तो दुल्हा-दुल्हन में इसी तरह का संबंध रहता है। पांडेय ने कहा कि खैर यह उन लोगों की समस्या है। जहां तक भाजपा का सवाल है तो राज्य एवं राष्ट्र के मुद्दे पर हमारी सोच और विचारधारा स्पष्ट है। बिहार की जनता भाजपा के साथ है और अगले वर्ष बिहार में मजबूत सरकार भाजपा की बनेगी। जब केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा की सरकार होगी तो तेजी से बिहार का विकास होगा। इस मौके पर भाजपा के संगठन सह महामंत्री शिवनारायण प्रसाद, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजेश रमण, हाजीपुर से पार्टी के प्रत्याशी अवधेश सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज गौतम, सुमन सिंह, संजीव चौरसिया, जयनाथ चौहान, हाजीपुर उप प्रमुख नंदकिशोर सिंह समेत भाजपा के कई प्रमुख नेता भी उपस्थित थे। इस मौके पर जदयू के जिला महासचिव अशोक यादव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

पढ़ें: उप चुनाव में साथ प्रचार करेंगे नीतीश-लालू

chat bot
आपका साथी