महाराष्ट्र में एक दिन में रिकॉर्ड 10 हजार से अधिक केस, देश में 63.13 फीसद हुई रिकवरी रेट

महाराष्ट्र में पहली बार 24 घंटे के भीतर 10 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। देश के बाकी ह‍िस्‍सों का हाल जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Wed, 22 Jul 2020 10:02 PM (IST) Updated:Thu, 23 Jul 2020 03:19 AM (IST)
महाराष्ट्र में एक दिन में रिकॉर्ड 10 हजार से अधिक केस, देश में 63.13 फीसद हुई रिकवरी रेट
महाराष्ट्र में एक दिन में रिकॉर्ड 10 हजार से अधिक केस, देश में 63.13 फीसद हुई रिकवरी रेट

नई दिल्ली, जेएनएन। महाराष्ट्र समेत दक्षिण भारत के राज्यों और उत्तर प्रदेश में संक्रमण के बढ़ते मामलों से स्थिति गंभीर होती जा रही है। महाराष्ट्र में तो विस्फोटक स्थिति पैदा हो गई है। राज्य में पहली बार 24 घंटे के भीतर 10 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। अभी तक देश के किसी भी राज्य में इतनी बड़ी संख्या में नए केस नहीं मिले थे। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक के साथ ही उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में नए मामले मिले हैं। इस दौरान देशभर में कुल 38 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं।

गौरतलब है कि तीन दिन के भीतर एक लाख से ज्यादा नए मरीज मिले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से बुधवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक कुल मरीजों का आंकड़ा 11 लाख 92 हजार 915 हो गया है। अब तक सात लाख 53 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं और मरीजों के स्वस्थ होने की दर 63.13 फीसद हो गई है। सक्रिय मरीज चार लाख 11 हजार से कुछ अधिक हैं। जबकि 28 हजार 732 लोगों की अब तक जान जा चुकी है।

मरीजों का आंकड़ा 12 लाख के पार

राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ और अन्य स्रोतों से रात आठ बजे तक मिली सूचनाओं के मुताबिक, मंगलवार देर रात से अब तक 38 हजार 149 नए मामले सामने आए हैं और मरीजों का आंकड़ा 12 लाख 24 हजार 124 हो गया है। इस दौरान 24 हजार से अधिक मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली है और अब तक ठीक हुए मरीजों की संख्या सात लाख 68 हजार 552 हो गई है। सक्रिय मरीज चार लाख 26 हजार 242 है। अब तक 29 हजार 330 लोगों की जान भी जा चुकी है।

इसलिए हैं आंकड़ों में अंतर

बुधवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 280, तमिलनाडु में 74, आंध्र प्रदेश में 65, कर्नाटक में 55, बंगाल में 39, उत्तर प्रदेश में 34, दिल्ली में 29, गुजरात में 28, हरियाणा में आठ और ओडिशा में पांच मौतें शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

महाराष्ट्र में स्थिति भयावह

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की सबसे विकट स्थिति सामने आई है। एक दिन में नए मामले 10 हजार से ज्यादा सामने आए हैं। 10,576 नए केस के साथ राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा तीन लाख 37 हजार 607 हो गया है। रिकॉर्ड 280 मरीजों की जान भी गई है। अब तक 12,556 लोगों की जान जा चुकी है। महाराष्ट्र के पड़ोसी राज्य गुजरात में भी एक हजार 20 नए मामले मिले हैं और कुल आंकड़ा 51 हजार 485 हो गया है। मुंबई के निकटवर्ती सूरत शहर गुजरात में हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। राज्य में अब तक 22 सौ से अधिक मरीजों की जान भी जा चुकी है।

दक्षिण भारत में स्थिति गंभीर, आंध्र में 6,045 नए केस

तेलंगाना को छोड़कर दक्षिण भारत के लगभग सभी राज्यों में कोरोना से स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। तेलंगाना की हालत भी बहुत अच्छी नहीं है, लेकिन आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल की तुलना में कुछ ठीक है। आंध्र प्रदेश में पहली बार छह हजार से ज्यादा नए केस मिले हैं। राज्य में अब तक 64 हजार 713 मामले सामने आ चुके हैं और 823 लोगों की जान भी जा चुकी है।

तमिलनाडु में 5,849 नए केस

तमिलनाडु में 5,849 नए मामले मिलें हैं और मरीजों का आंकड़ा एक लाख 86 हजार को पार कर गया है। 3,144 मरीजों की अब तक जान जा चुकी है। कर्नाटक में 4,764 नए मामले सामने आए हैं और मरीजों की संख्या 75 हजार 833 हो गई है। यहां भी डेढ़ हजार से ज्यादा मरीजों की जान जा चुकी है। केरल में पहली बार एक हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं। 1,038 मामलों के साथ राज्य में संक्रमित पाए गए मरीजों की संख्या 15 हजार को पार कर गई है। पुडुचेरी में 124 नए संक्रमित पाए गए हैं और कुल आंकड़ा 23 सौ पर पहुंच गया है।

दिल्ली ने जगाई उम्मीद

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली ने उम्मीद जगाई है। बेहतर क्लीनिकल प्रबंधन, जांच में तेजी और संपर्क की त्वरित तलाश से दिल्ली कोरोना को मात देती नजर आ रही है। पिछले लगभग दो हफ्ते से राजधानी में डेढ़ हजार के आस पास नए केस मिले रहे हैं, जबकि उससे पहले एक दिन में तीन हजार और उससे ज्यादा ही नए मामले सामने आ रहे थे। 1,227 नए मामलों के साथ दिल्ली में अब तक सामने आए संक्रमितों की संख्या एक लाख 26 हजार 323 हो गई है। सक्रिय मामले 15 हजार से भी कम रह गए हैं। अब तक 3,719 लोगों की जान भी जा चुकी है। दिल्ली से सटे हरियाणा में 724 नए केस मिले हैं और आंकड़ा 28 हजार को पार कर गया है।

उत्तर प्रदेश में 23 सौ नए केस

उत्तर प्रदेश में 23 सौ नए मामले सामने आए हैं और मरीजों की संख्या 55 हजार को पार कर गई है। कोरोना महामारी ने अब तक 12 सौ ज्यादा लोगों की जान भी ले ली है। गंभीर होते हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने पिछले दिनों कुछ सख्त उपाय भी किए थे। शनिवार और रविवार को अब राज्य में पूरी तरह से लॉकडाउन लागू किया गया है।

बंगाल में 2,291 नए केस

पश्चिम बंगाल में 2,291 नए मामले मिले हैं। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 52 हजार के करीब पहुंच गया है। अब तक 12 सौ से ज्यादा मरीजों की मौत भी हो चुकी है। मध्य प्रदेश में 747 नए मामले मिले हैं और कुल मरीजों की संख्या 24 हजार को पार कर गई है। ओडिशा में भी पहली बार एक दिन में 1078 संक्रमित मिले हैं। राज्य में अब तक 19 हजार 835 संक्रमित मामले मिल चुके हैं।

त्रिपुरा समेत पूर्वोत्तर में बढ़ी रफ्तार

पूर्वोत्तर के राज्यों में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। त्रिपुरा में सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को राज्य में 254 नए केस मिले और संक्रमितों का आंकड़ा 3,346 पर पहुंच गया है। अरुणाचल प्रदेश में 68, मेघालय में 24 और मिजोरम में 20 नए मामले मिले हैं। इन राज्यों में अब तक सामने आए संक्रमितों की संख्या क्रमश: 858, 433 और 317 हो गई है। 

chat bot
आपका साथी