आंध्र सरकार में मंत्री बनेंगे सीएम चंद्रबाबू के बेटे लोकेश

आंध्र सरकार के सूत्रों ने बताया कि अगले माह के शुरू में मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जाएगा।

By Mohit TanwarEdited By: Publish:Sun, 26 Mar 2017 03:56 PM (IST) Updated:Sun, 26 Mar 2017 04:51 PM (IST)
आंध्र सरकार में मंत्री बनेंगे सीएम चंद्रबाबू के बेटे लोकेश
आंध्र सरकार में मंत्री बनेंगे सीएम चंद्रबाबू के बेटे लोकेश

नई दिल्ली, प्रेट्र। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश को मंत्री बनाया जाएगा। उन्हें अप्रैल के पहले सप्ताह में कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। वह पिछले महीने विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। इस चुनाव में वह अपनी संपत्ति में पांच महीने में 20 गुना वृद्धि होने को लेकर चर्चा में रहे।

आंध्र सरकार के सूत्रों ने बताया कि अगले माह के शुरू में मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जाएगा। इसमें तेलुगु देसम पार्टी (तेदेपा) के महासचिव लोकेश को सरकार में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही वह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, तेलंगाना के मंत्री केटी रामा राव और द्रमुक के नेता एमके स्टालिन की कतार में शामिल हो जाएंगे।

अखिलेश मुलायम सिंह यादव, केटी तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव और स्टालिन तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि के बेटे हैं। सूत्रों के अनुसार, 34 वर्षीय लोकेश को उद्योग, पंचायती राज या नगर विकास मंत्रालय का कामकाज सौंपा जा सकता है। इस फेरबदल में जातिगत समीकरणों को साधा जाएगा। इसमें कुछ मंत्रियों की मंत्रिमंडल से छुट्टी तो कुछ नए चेहरों को प्रवेश मिल सकता है। लोकेश अमेरिका की स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं।

यह भी पढ़ें: मानव तस्‍करी के मामले में सबसे आगे है पश्चिम बंगाल, दूसरे नंबर पर राजस्‍थान

chat bot
आपका साथी