Indian Railways news: दो-दो घंटे के अंतराल पर चलीं छह विशेष राजधानी ट्रेनें, जानें- आज दिल्ली से कहां-कहां जाएंगी ट्रेंने

विभिन्न राज्यों से यात्रियों को लेकर चार विशेष राजधानी एक्सप्रेस बुधवार सुबह यहां पहुंचीं जबकि नौ विशेष राजधानी ट्रेनें यहां से रवाना हुईं।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Thu, 14 May 2020 12:55 AM (IST) Updated:Thu, 14 May 2020 12:55 AM (IST)
Indian Railways news: दो-दो घंटे के अंतराल पर चलीं छह विशेष राजधानी ट्रेनें, जानें- आज दिल्ली से कहां-कहां जाएंगी ट्रेंने
Indian Railways news: दो-दो घंटे के अंतराल पर चलीं छह विशेष राजधानी ट्रेनें, जानें- आज दिल्ली से कहां-कहां जाएंगी ट्रेंने

जेएनएन, नई दिल्ली। लॉकडाउन के कारण विभिन्न शहरों में रुके परेशान हाल लोगों को उनके घर पहुंचाने के लिए रेलवे मजबूती से आगे आया है। विभिन्न राज्यों से यात्रियों को लेकर चार विशेष राजधानी एक्सप्रेस बुधवार सुबह यहां पहुंचीं, जबकि नौ विशेष राजधानी ट्रेनें यहां से रवाना हुईं। शाम के समय छह ट्रेनें तो सिर्फ दो-दो घंटे के अंतराल पर चलीं। इनसे करीब नौ हजार यात्री सफर पर निकले।

एक साथ करीब छह हजार यात्रियों को स्वास्थ्य जांच करके शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए कोच तक पहुंचाना आसान नहीं था। इसके लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अन्य रेलकर्मी जगह-जगह तैनात किए गए थे। ट्रेन के साथ ही स्टेशन परिसर को नियमित अंतराल के बाद सैनिटाइज किया जा रहा है। पहाड़गंज की ओर दो स्थानों पर थर्मल स्कैनिंग मशीन से जांच करने के बाद प्लेटफॉर्म पर जाने दिया गया। प्रत्येक ट्रेन अलग-अलग प्लेटफॅार्म से रवाना हुई।

गुरुवार को नई दिल्ली से रवाना होने वाली विशेष राजधानी ट्रेनें:

नई दिल्ली-हावड़ा, नई दिल्ली-डिब्रुगढ़, नई दिल्ली-रांची, नई दिल्ली-चेन्नई, नई दिल्ली-जम्मूतवी, नई दिल्ली-अहमदाबाद, नई दिल्ली-मुंबई सेंट्रल और नई दिल्ली-राजेंद्र नगर

दिल्ली से बिहार के लिए चली तीन श्रमिक विशेष ट्रेन

तीन श्रमिक विशेष ट्रेनें बुधवार को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना की गई। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से पहली ट्रेन दोपहर दो बजे भागलपुर के लिए रवाना हुई जिसमें 15 सौ लोगों ने सफर किया। उसके बाद शाम पांच बजे 1555 यात्रियों को लेकर दरभंगा के लिए ट्रेन रवाना हुई। अंतिम ट्रेन रात पौने आठ बजे बरौनी के लिए रवाना हुई जिसमें 1472 यात्री सवार थे। नौ मई से अब तक बिहार के लिए छह श्रमिक विशेष ट्रेनें चल चुकी हैं जिससे आठ हजार से ज्यादा लोग अपने घर पहुंच चुके हैं। मध्य प्रदेश के लिए एक और जम्मू कश्मीर के कामगारों के लिए भी एक-एक ट्रेन चलाई गई है।

पंजाब से 13 श्रमिक ट्रेनों में भेजे करीब साढ़े 15 हजार यात्री

पंजाब से बुधवार को 13 ट्रेनों में उत्तर प्रदेश, बिहार व अन्य राज्यों के करीब 15,600 यात्री भेजे गए। जालंधर से पांच श्रमिक ट्रेनें बरेली, सीतापुर, प्रतापगढ़, गया और विजयवाड़ा रवाना की गई। हर ट्रेन में 1200 यात्री भेजे गए। लुधियाना स्टेशन से गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, फतेहपुर और उन्नाव के लिए विशेष ट्रेनें गई। अमृतसर से उत्तर प्रदेश के अकबरपुर स्टेशन के लिए 1200 यात्रियों को भेजा जाएगा। पटियाला से दो ट्रेनों में बिहार के मुजफ्फरपुर और सरहसा के लिए 2400 यात्री रवाना किए गए।

गुरुग्राम से मप्र व बिहार के लिए एक-एक श्रमिक स्पेशल ट्रेन

राष्ट्रीय राजधानी से सटे हरियाणा के गुरुग्राम से हजारों श्रमिक अपने गृह प्रदेश के लिए रवाना हुए। एक ट्रेन मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ के लिए सुबह 10.30 बजे, जबकि एक बिहार के मधुबनी के लिए दोपहर 12.30 बजे रवाना हुई।

अन्य राज्यों से दो दिन में ऊधमपुर पहुंचे 3914 लोग

अन्य राज्यों में फंसे जम्मू कश्मीर के लोगों का ऊधमपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचना दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को दिल्ली और गोवा से दो और ट्रेनें 1865 लोगों को लेकर ऊधमपुर रेलवे स्टेशन पहुंचीं। पिछले दो दिनों में चार श्रमिक एक्सप्रेस से कुल 3914 लोग राज्य में पहुंच चुके हैं।

chat bot
आपका साथी