महाकाल के आंगन में पहली बार बिना भक्तों के मनी होली, पुजारी व पुरोहितों ने निभाई परंपरा

Holi 2021 सोमवार तड़के भस्मारती में पुजारी अवंतिकानाथ के साथ हर्बल गुलाल से होली खेलेंगे। मंदिर प्रशासन ने पुजारी पुरोहितों के व्यक्तिगत होली खेलने पर रोक लगाई है। इधर सिंहपुरी में पारंपरिक कंडा होली का आयोजन किया गया।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Sun, 28 Mar 2021 10:47 PM (IST) Updated:Sun, 28 Mar 2021 10:50 PM (IST)
महाकाल के आंगन में पहली बार बिना भक्तों के मनी होली, पुजारी व पुरोहितों ने निभाई परंपरा
संध्या आरती में भगवान महाकाल को गुलाल अर्पित किया गया

उज्जैन, जेएनएन। राजाधिराज भगवान महाकाल के आंगन में रविवार को ज्ञात इतिहास में पहली बार बिना भक्तों के होली मनाई गई। संध्या आरती में पुजारियों ने भगवान महाकाल को गुलाल अर्पित कर होली मनाई। इसके बाद परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होलिका का पूजन कर दहन किया। सोमवार तड़के चार बजे भस्मारती में भी बिना भक्तों के होली मनाई जाएगी। राजाधिराज टेसू के फूलों से बने रंग से होली खेलेंगे।

कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों के बीच रविवार को उज्जैन शहर में लॉकडाउन रहा। नौ महीने 21 दिनों के बाद महाकाल मंदिर भी बंद रहा। यहां विभिन्न द्वारों पर ताला लगा दिया गया था। इसके बाद महाकाल मंदिर में दर्शनार्थियों की अग्रिम बुकिंग को निरस्त कर दिया गया। भक्तों के लिए मंदिर के द्वार बंद रहे, केवल पुजारियों ने परंपरागत पूजा-अर्चना की। शाम 7.30 बजे संध्या आरती में भगवान को गुलाल अर्पित किया गया। इसके बाद निर्धारित संख्या में मौजूद पुजारी, पुरोहितों ने परिसर में होली जलाई। पूजन के दौरान शारीरिक दूरी के नियम का पालन किया गया।

मंदिर प्रशासन ने पुजारी, पुरोहितों के व्यक्तिगत होली खेलने पर लगाई रोक

सोमवार तड़के भस्मारती में पुजारी अवंतिकानाथ के साथ हर्बल गुलाल से होली खेलेंगे। मंदिर प्रशासन ने पुजारी, पुरोहितों के व्यक्तिगत होली खेलने पर रोक लगाई है। इधर, सिंहपुरी में पारंपरिक कंडा होली का आयोजन किया गया। ब्राह्मणों ने गाय के गोबर से बने पांच हजार कंडों से होलिका का निर्माण किया। प्रदोषकाल में वैदिक मंत्रों से होलिका का पूजन किया गया। सोमवार तड़के 4 बजे ब्रह्म मुहूर्त में होलिका दहन किया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी