पश्चिमी विक्षोभ से कश्मीर में बिगड़ा मौसम, बर्फबारी और बारिश

पश्चिमी विक्षोभ के फिर सक्रिय होने से कश्मीर में जवाहर सुरंग, पीरपंचाल और गुलमर्ग समेत सभी उच्चपर्वतीय इलाकों में बर्फबारी तो निचले क्षेत्रों में जमकर बारिश हो हुई है। मौसम में आए इस बदलाव से अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर

By manoj yadavEdited By: Publish:Mon, 16 Mar 2015 09:22 AM (IST) Updated:Mon, 16 Mar 2015 12:29 PM (IST)
पश्चिमी विक्षोभ से कश्मीर में बिगड़ा मौसम, बर्फबारी और बारिश

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। पश्चिमी विक्षोभ के फिर सक्रिय होने से कश्मीर में जवाहर सुरंग, पीरपंचाल और गुलमर्ग समेत सभी उच्चपर्वतीय इलाकों में बर्फबारी तो निचले क्षेत्रों में जमकर बारिश हो हुई है। मौसम में आए इस बदलाव से अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन से आंशिक यातायात जारी है। फंसे वाहनों को मुश्किल से एक-एक कर निकाला जा रहा है।

सभी उच्चपर्वतीय इलाकों में सुबह से ही हिमपात हुआ है। चंदनबाड़ी और श्री अमरनाथ गुफा पर सुबह से शाम तक तीन इंच से लेकर एक फुट तक हिमपात हुआ। पहलगाम में सिर्फ बारिश हुई। जवाहर सुरंग पर तीन इंच बर्फ गिरी है। गुलमर्ग, युसमर्ग, अफरवट, जोजिला, हरमुख, सोनमर्ग, गगनगीर, राजधान पास, साधना टाप और नियंत्रण रेखा से सटे उच्चपर्वतीय इलाकों में सात इंच से तीन फुट तक हिमपात रिकॉर्ड किया गया है। इस दौरान श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह भूस्खलन भी हुआ। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। लेकिन शाम चार बजे के करीब सड़क को आंशिक रुप से ठीक कर, उसे यातायात योग्य बनाया गया। इसके बाद रास्ते में फंसे वाहनों को रवाना किया गया।

श्रीनगर स्थित मौसम विभाग केंद्र के निदेशक सोनम लोटस ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ इस समय जम्मू-कश्मीर के वायुमंडल में पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। इससे बारिश और हिमपात हो रही है। उन्होंने बताया कि 16 मार्च को भी अधिकांश इलाकों में बारिश होगी और बर्फ गिरेगी। अलबत्ता, 17 मार्च मंगलवार की दोपहर बाद ही मौसम में सुधार की गुंजायश है।

कश्मीर के स्थानीय जनजीवन पर भी बारिश और हिमपात ने असर डाला। रविवार को ग्रीष्मकालीन राजधानी में सजने वाला संडे बाजार नहीं लगा। अधिकांश दुकानें बंद रही, सड़कों पर वाहनों का आवागमन भी सामान्य से कहीं कम रहा। बारिश के कारण इलाकों में पानी जमा हो गया और कई जगह बिजली आपूर्ति ठप होकर रह गई है। ठंड से बचने के लिए लोग भी घरों में ही रजाइयों में दुबके रहे।

हिमस्खलन की चेतावनी

राज्य प्रशासन ने नौगाम, हंदवाड़ा, टंगडार, गुरेज, वाल्टेंगू, कापरन, गुलमर्ग, राजधान पास, जोजिला, कंगन व त्रल के ऊपरी इलाकों में अगले चौबीस घंटे के दौरान हिमस्खलन व बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों को अपने घरों की छतों पर बर्फ को ज्यादा जमा न होने देने और हिमपात के दौरान अपने घरों से बाहर अनावश्यक तौर पर जाने से मना किया है। आपात स्थिति में निकटवर्ती पुलिस चौकी और सुरक्षा शिविर में सूचित करने को कहा गया है।

पढ़ेंः बारिश की बूंदों से जल रही खेतों में फसलें

पढ़ेंः बारिश-बर्फबारी से फिर बिगड़े हालात

chat bot
आपका साथी