छत्तीसगढ़ में मुठभेड़, पांच लाख के इनामी कमांडर समेत चार नक्सली ढेर

पुलिस ने मौके से एक इंसास समेत चार हथियार बरामद किया है। मारे गए नक्सलियों में से दो की शिनाख्त हो गई है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Sun, 02 Sep 2018 07:25 PM (IST) Updated:Mon, 03 Sep 2018 12:05 AM (IST)
छत्तीसगढ़ में मुठभेड़, पांच लाख के इनामी कमांडर समेत चार  नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़ में मुठभेड़, पांच लाख के इनामी कमांडर समेत चार नक्सली ढेर

नईदुनिया, जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिला स्थित माड इलाके की गुमियाबेड़ा पहाड़ी पर हुई मुठभेड़ में पांच लाख के इनामी नक्सल कमांडर समेत चार वर्दीधारी नक्सली मार गिराए गए। मारे गए नक्सलियों में एक महिला भी शामिल है। सुरक्षा बलों का दावा है कि दो और नक्सलियों को गोली लगी है लेकिन नक्सली उन्हें अपने साथ लेकर जंगल में भागने में कामयाब रहे।
दो घंटे तक चली फायरिंग
एसपी जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस को नेलनार एरिया कमेटी के 20-25 नक्सली लड़ाकों की मौजूदगी का खुफिया इनपुट मिला था। सूचना पर डिस्टि्रक रिजर्व गार्ड की एक टीम भेजी गई। दिन में करीब ढाई बजे सुरक्षा बलों व नक्सलियों का आमना-सामना हो गया। दोनों ओर से दो घंटे तक फायरिंग चलती रही। इसके बाद नक्सली भाग खड़े हुए। मौके से एक महिला समेत चार नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इसमें दो की शिनाख्त कर ली गई है।


मारे गए नक्सलियों में पांच लाख का इनामी व लोकल एरिया ग्रुप का कमांडर रत्तीराम और दूसरा एरिया कमेटी मेंबर सोमडू राम है। मुठभेड़ स्थल से एक इंसास रायफल, एक थ्री नॉट थ्री रायफल और दो 12 बोर रायफल बरामद की गई है। एसपी ने दावा किया कि दो और नक्सली गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए हैं लेकिन नक्सली उन्हें अपने साथ ले जाने में कामयाब रहे।


नक्सलियों ने की दो ग्रामीणों की हत्या
कांकेर जिले के अतिसंवेदनशील बांदे इलाके से 26 अगस्त की रात नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में तीन ग्रामीणों का अपहरण किया था। जिसमें से एक उनके चंगुल से भाग निकला था। शनिवार रात नक्सलियों ने अगवा दोनों ग्रामीणों सोनू पद्दा व सोमजी पद्दा की हत्या कर दी। रविवार को दोनों का शव सीमावर्ती महाराष्ट्र के गट्टा थाना से एक किमी दूर ग्राम तदुड़ा के पास मिला। शव के साथ नक्सली पर्चा भी मिला है।

chat bot
आपका साथी