कमलनाथ सरकार में मंत्रियों का बंगला खाली कराने पहुंची टीम, पूर्व मंत्री ने मांगा 10 दिन का समय

लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम कमल नाथ सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रहे कमलेश्वर पटेल का बंगला खाली कराने पहुंची।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Wed, 15 Jul 2020 09:58 AM (IST) Updated:Wed, 15 Jul 2020 09:58 AM (IST)
कमलनाथ सरकार में मंत्रियों का बंगला खाली कराने पहुंची टीम, पूर्व मंत्री ने मांगा 10 दिन का समय
कमलनाथ सरकार में मंत्रियों का बंगला खाली कराने पहुंची टीम, पूर्व मंत्री ने मांगा 10 दिन का समय

भोपाल, जेएनएन। विभाग बंटवारे के साथ ही नए मंत्रियों ने राजधानी में आवंटित बंगलों का तकादा करना शुरू कर दिया है। इसे देखते हुए संपदा संचालनालय ने पूर्व मंत्रियों पर सख्ती बरतना शुरू कर दी है। मंगलवार को संचालनालय और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम पुलिस के साथ कमल नाथ सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रहे कमलेश्वर पटेल का बंगला खाली कराने पहुंची। पहले तो पूर्व मंत्री ने ना नुकूर की, बाद में उन्होंने बंगला खाली करने के लिए 10 दिन का समय मांग लिया। हालांकि टीम बुधवार को फिर से बंगला खाली कराने पहुंचेगी।

सरकार ने 74 बंगला क्षेत्र स्थित पूर्व मंत्री पटेल का बंगला क्रमांक डी-20 सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया को आवंटित कर दिया है। विभागों का बंटवारा होते ही भदौरिया ने संपदा संचालनालय से बंगला तैयार करने को कहा तो संचालनालय की टीम बंगला खाली कराने पहुंच गई। सूत्र बताते हैं कि टीम ने पूर्व मंत्री को बंगला खाली करने को कहा तो उन्होंने गृह विभाग के अधिकारियों से बात की। इस बीच लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने बंगले से सरकारी सामान निकलना शुरू कर दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, शाम को पटेल ने 10 दिन का समय मांगा है। इसके लिए संपदा के अधिकारी तैयार नहीं हुए। टीम बुधवार को भी कार्रवाई जारी रखेगी। इस दौरान पटेल ने अपने सामान की पैकिंग शुरू कर दी तो उन्हें एक-दो दिन का समय दिया जा सकता है। 

उधर, पूर्व मंत्री पटेल ने एक बार फिर शासन को पत्र लिखा है कि वे वैकल्पिक व्यवस्था होने तक बंगला खाली नहीं कर पाएंगे। पटेल पहले भी पत्र लिख चुके हैं। चार पूर्व मंत्रियों ने समेटा सामान कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक डॉ. गोविंद सिंह सहित चार पूर्व मंत्रियों ने सरकारी बंगलों से सामान समेटना शुरू कर दिया है। सूत्र बताते हैं कि डॉ. सिंह के अलावा, जयव‌र्द्घन सिंह, प्रियवृत सिंह और आरिफ अकील ने भी बंगलों से ज्यादातर सामान निकाल लिया है। अकील का बंगला उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह को आवंटित किया गया है। सिंह ने संपदा से बंगला तैयार करने को कहा है। विस पूल से पूर्व मंत्रियों को मिले बंगले विधानसभा पूल से तीन पूर्व मंत्रियों और दो भाजपा विधायकों को बंगले आवंटित कर दिए गए हैं। इनमें कमल नाथ सरकार में मंत्री रहे सज्जन सिंह वर्मा, प्रियवृत सिंह और जयव‌र्द्घन सिंह के अलावा भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय विश्नोई और आशीषष शर्मा शामिल हैं।

सभी को बंगले खाली होने की प्रत्याशा में ई-टाइप बंगले आवंटित किए गए हैं। कमल नाथ सरकार के ज्यादातर पूर्व मंत्रियों ने बंगले परिवर्तन का आवेदन दिया था, जिन पर अभी तक फैसला नहीं हुआ है। बारी-बारी से बंगले खाली कराएगी टीम संपदा की टीम अब पूर्व मंत्रियों से अभियान चलाकर बंगले खाली कराएगी। इसके लिए बुधवार से टीम सक्रिय रहेगी और सबसे पहले पूर्व मंत्री आरिफ अकील का बंगला खाली कराने पहुंचेगी। इसके बाद बारी--बारी से सभी पूर्व मंत्रियों के बंगले खाली कराए जाएंगे। हालांकि कुछ पूर्व मंत्री अभी भी बंगले खाली करने की इच्छा नहीं रखते हैं। वे गृह विभाग के अधिकारियों के संपर्क में हैं।

chat bot
आपका साथी