दक्षिण और पश्चिम के राज्यों में बाढ़ की तबाही, 118 की मौत, कई ट्रेनें रद, हजारों लोग बेघर

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने मूसलाधार बारिश और बाढ़ से 6000 करोड़ रुपये के नुकसान होने की बात कही है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sat, 10 Aug 2019 09:44 PM (IST) Updated:Sun, 11 Aug 2019 12:19 AM (IST)
दक्षिण और पश्चिम के राज्यों में बाढ़ की तबाही, 118 की मौत, कई ट्रेनें रद, हजारों लोग बेघर
दक्षिण और पश्चिम के राज्यों में बाढ़ की तबाही, 118 की मौत, कई ट्रेनें रद, हजारों लोग बेघर

नई दिल्ली, जेएनएन। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब कई राज्यों में कहर बरपा रहा है। केरल, कर्नाटक, गुजरात और महाराष्ट्र में पिछले तीन दिनों से भारी वर्षा के चलते तबाही का आलम है। चारों राज्यों में वर्षाजनित घटनाओं में मरने वालों की संख्या 118 हो गई है। केरल में 1.25 लाख और महाराष्ट्र के 2.85 लाख लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।

केरल में बाढ़ और बारिश की सबसे अधिक मार वायनाड और कोझिकोड पर पड़ी है। यहां करीब 25-25 हजार लोग बेघर हुए हैं। वायनाड में बाढ़ में फंसे एक नवजात बच्चे को सेना के जवानों ने सुरक्षित निकाला है। राज्य में वर्षाजनित घटनाओं में अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है।

आठ जिलों में आठ अगस्त से भूस्खलन की 80 घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। सबसे प्रभावित जिलों में एक वायनाड में बाणासुरसागर बांध के चार दरवाजों में से एक को अतिरिक्त पानी को छोड़ने के लिए तीन बजे खोल दिया गया। केरल की कई ट्रेनें रद कर दी गई हैं। कोच्चि एयरपोर्ट के एक अधिकारी के अनुसार उड़ान संचालन रविवार पूर्वाह्न तक बहाल हो सकेगा।

केरल के इन जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

केरल के एर्नाकुलम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर में मौसम विभाग ने भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। इससे राज्य में 2018 में अगस्त में आई भयावह बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।

कर्नाटक को 6,000 करोड़ का नुकसान

कर्नाटक में वर्षाजनित घटनाओं में अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने इसे 45 सालों में आई सबसे बड़ी आपदा बताते हुए मूसलाधार बारिश और बाढ़ से 6,000 करोड़ रुपये के नुकसान होने की बात कही है। उनकी सरकार ने केंद्र से राहत के रूप में 3,000 करोड़ रुपये की मांग की है। 2.35 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

कोल्हापुर और सांगली में सुधार के संकेत

विभिन्न क्षेत्रों से पानी घटने के चलते महाराष्ट्र के कोल्हापुर और सांगली जिलों में बाढ़ की स्थिति में सुधार के संकेत नजर आने लगे हैं। सांगली जिले के पालुस तहसील में ब्रह्मनाल गांव के समीप बृहस्पतिवार को नौका पलटने की घटना में तीन और शव मिले हैं। इस तरह इस घटना में मरने वालों की संख्या 12 हो गई है। कई अन्य के लापता होने की आशंका है। अब तक राज्य में वर्षाजनित घटनाओं में 29 लोगों की मौत हो चुकी है। कोल्हापुर और सांगली जिलों में नौसेना की 26 टीमें तैनात हैं।

गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में भारी बारिश की संभावना

गुजरात में भारी बारिश के चलते पिछले 24 घंटे में 11 लोगों की मौत हुई है। वहीं शनिवार को मोरबी में उमिया सर्कल, कांडला बाईपास के पास एक कंपाउंड की दीवार गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई। इस तरह वर्षाजनित घटनाओं में मरने वालों की संख्या 19 हो गई है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि अगले 24 घंटे सौराष्ट्र और कच्छ में जोरदार बारिश की संभावना है। इस बीच, उकाई बांध और सरदार सरोवर बांध सहित लगभग 17 बांध ओवरफ्लो हो रहे हैं।

कहां कितनी मौत

केरल 46

महाराष्ट्र 29

कर्नाटक 24

गुजरात 19।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी