कोरोना वैक्सीन: टीकाकरण अभियान के चौथे दिन तक देश में 6 लाख से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को लगे टीके

देश में टीकाकरण अभियान के चौथे दिन पौने दो लाख से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए गए। इसके साथ ही अब तक सवा छह लाख से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी है। नौ लाभार्थियों को अस्पताल में भर्ती कराने की पड़ी जरूरत।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Tue, 19 Jan 2021 11:21 PM (IST) Updated:Tue, 19 Jan 2021 11:21 PM (IST)
कोरोना वैक्सीन: टीकाकरण अभियान के चौथे दिन तक देश में 6 लाख से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को लगे टीके
सबसे ज्यादा कर्नाटक में 80 हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को दी जा चुकी है वैक्सीन।

नई दिल्ली, प्रेट्र। देश में टीकाकरण अभियान के चौथे दिन मंगलवार को पौने दो लाख से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए गए। इसके साथ ही अब तक सवा छह लाख से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी है, जिनमें से सिर्फ नौ लोगों को गंभीर प्रतिकूल असर नजर आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत पड़ी।

देश के कई राज्यों में चौथे दिन 1.77 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को लगे टीके

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में कुल 3,800 सत्रों में मंगलवार शाम छह बजे तक 1,77,368 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए गए। मंत्रालय ने बताया कि लाभार्थियों के अंतिम आंकड़ों की जानकारी देर रात तक चल पाएगी।

चार दिनों के टीकाकरण अभियान में 6.31 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को लगाए गए टीके

मंत्रालय के मुताबिक देशभर में पिछले चार दिनों के टीकाकरण अभियान में कुल 6.31 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए जा चुके हैं। टीका लगाए जाने के बाद कुछ लोगों पर हल्के प्रतिकूल प्रभाव नजर आए थे, जिनमें मिचली, सिर में दर्द, टीके लगाने वाली जगह पर दर्द और सूजन शामिल है।

टीके के प्रतिकूल प्रभाव के चलते नौ लोग अस्पताल में भर्ती 

इनमें से सिर्फ नौ लोगों को गंभीर दुष्प्रभाव के चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। इनमें से चार लोग दिल्ली के शामिल थे, जिनमें से तीन लाभार्थियों को अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई है।

कर्नाटक में सर्वाधिक 80,686 लोगों के लगे टीके 

मंत्रालय ने कहा कि चौथे दिन का टीकाकरण अभियान सफल रहा। अब तक जितने लोगों को टीका लगाया जा चुका है, उनमें कर्नाटक के 80,686, तेलंगाना के 69,405, बंगाल के 42,093, बिहार के 42,085, तमिलनाडु के 25,251, केरल के 23,855 और उत्तर प्रदेश के 22,644 लाभार्थी शामिल हैं।

वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाना बहुत ही गलत : हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने मंगलवार को कहा कि कोरोना वैक्सीन के बारे में पूरी जानकारी हुए बिना उसके बारे में भ्रम फैलाना बहुत ही गलत काम है। भारत बायोटेक द्वारा कोवैक्सीन को लेकर फैक्टशीट जारी करने के बाद पूछे गए सवाल पर ट्वीट कर उन्होंने यह बात कही।

किसे वैक्सीन लेनी चाहिए और किसे नहीं, इसकी जानकारी सार्वजनिक है

वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी 15 जनवरी के हर्षवर्धन के एक ट्वीट का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने उन लोगों की पूरी सूची दी थी, जिन्हें वैक्सीन नहीं लगवानी चाहिए। हर्षवर्धन ने कहा कि किसे वैक्सीन लेनी चाहिए और किसे नहीं, यह जानकारी पहले से ही सार्वजनिक क्षेत्र में है।

chat bot
आपका साथी