कांग्रेस के आरोप झूठे और राजनीति से प्रेरित : वेंकैया

जयराम ने आरोप लगाया था कि एसबीटी को दो करोड़ रुपये की छूट देने के लिए तेलंगाना सरकार ने गुप्त आदेश दिए थे

By Mohit TanwarEdited By: Publish:Tue, 25 Jul 2017 09:24 AM (IST) Updated:Tue, 25 Jul 2017 09:24 AM (IST)
कांग्रेस के आरोप झूठे और राजनीति से प्रेरित : वेंकैया
कांग्रेस के आरोप झूठे और राजनीति से प्रेरित : वेंकैया

नई दिल्ली, प्रेट्र। राजग के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार एम. वेंकैया नायडू ने उन पर और उनके परिजनों पर लगाए गए कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह झूठा और राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने सोमवार को कांग्रेस नेता जयराम रमेश के आरोपों का बिंदुवार जवाब दिया।

नायडू ने कहा कि जयराम ने जिन मुद्दों को उठाया है, उनका जवाब वह पहले दे चुके हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव से कुछ दिन पहले इन मुद्दों को उठाना राजनीतिक उद्देश्य और बुरे इरादों को स्पष्ट तौर से दर्शाता है। यह कांग्रेस की हताशा और राजनीतिक दिवालियापन का परिचायक है। नायडू ने बेटी द्वारा संचालित स्वर्ण भारत ट्रस्ट (एसबीटी) को विकास शुल्क से छूट पर कहा कि जब यह मुद्दा मीडिया में उठा तब तेलंगाना सरकार से 23 जुलाई 2017 को स्पष्ट किया कि एसबीटी छूट पाने वाली अकेली संस्था नहीं है। राज्य की कांग्रेस सरकार ने कई अन्य संगठनों को भी ऐसी छूट दी थी।

जयराम ने आरोप लगाया था कि एसबीटी को दो करोड़ रुपये की छूट देने के लिए तेलंगाना सरकार ने गुप्त आदेश दिए थे। नेल्लोर में जमीन हड़पने के जयराम के आरोप पर नायडू ने कहा कि 2002 में कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने यह मामला उठाया था और कोर्ट भी गए थे लेकिन कोर्ट ने आरोप को खारिज कर दिया था।

कांग्रेस ने दो कार डीलरों द्वारा बगैर टेंडर तेलंगाना सरकार को वाहनों की आपूर्ति करने का आरोप लगाया। इनमें एक कार डीलर नायडू का बेटा है। नायडू ने इस आरोप को झूठा बताते हुए कहा कि कार कंपनी टोयोटा ने सीधे वाहनों की आपूर्ति की थी। 2004 में तत्कालीन मध्य प्रदेश सरकार द्वारा कुशाभाऊ ठाकरे मेमोरियल ट्रस्ट को जमीन आवंटन के मुद्दे पर नायडू ने कहा कि भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते वह ट्रस्ट के पदेन अध्यक्ष थे। जमीन आवंटन में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। जयराम ने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट ने छह अप्रैल 2011 को नायडू की अध्यक्षता वाली ट्रस्ट को 20 एकड़ जमीन का आवंटन रद कर दिया था।

यह भी पढ़ें: कोविन्द आज लेंगे राष्ट्रपति पद की शपथ, जानिए- क्या है दिनभर का कार्यक्रम

यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री की मां राजमाता मोहिंदर कौर का देहांत, अंतिम संस्कार आज

chat bot
आपका साथी