Cold Weather: कड़ाके की सर्दी से मिली कुछ राहत, आज कई इलाकों में बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड के उच्च इलाकों में नए साल का पहला हिमपात हुआ। वहीं मैदानी इलाकों में भी बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश की चेतावनी दी है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Thu, 02 Jan 2020 10:12 PM (IST) Updated:Fri, 03 Jan 2020 01:16 AM (IST)
Cold Weather: कड़ाके की सर्दी से मिली कुछ राहत, आज कई इलाकों में बारिश की चेतावनी
Cold Weather: कड़ाके की सर्दी से मिली कुछ राहत, आज कई इलाकों में बारिश की चेतावनी

 जेएनएन, नई दिल्ली। साल के दूसरे दिन (गुरुवार) उत्तर भारत को कड़ाके की सर्दी से राहत मिली। हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी तो हुई, लेकिन मैदानी इलाकों में धूप निकलने से कुछ राहत भी मिली। दिल्ली का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.6 दर्ज किया गया। दिल्ली में 20 दिनों में यह पहली बार हुई जब अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले एक दो दिनों में न्यूनतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर (417) रहा। वहीं 6 और 8 जनवरी के बीच बारिश की संभावना है।

पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर में हल्की धूप खिली रही, लेकिन बर्फीली हवाओं से लोगों को कोई राहत नहीं मिली है। गुरुवार को करीब एक महीने बाद तापमान सामान्य से ऊपर रहा। वहीं, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को भूस्खलन के कारण करीब पांच हजार वाहन फंसे हुए हैं। वहीं, गुरुवार को उत्तराखंड के उच्च इलाकों में नए साल का पहला हिमपात हुआ। वहीं, मैदानी इलाकों में भी बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश की चेतावनी दी है। इसके अलावा हिमाचल के कुफरी, नारकंडा में बर्फबारी और शिमला में ओलावृष्टि के चलते मौसम के तेवर तीखे बने हुए हैं। यहां 1997 के बाद ऐसी हाड़ कंपाने वाली ठंड है।

छत्तीसगढ़, मप्र में बारिश

छत्तीसगढ़ में गुरुवार को बारिश हुई। जनवरी के पहले सप्ताह में 8 साल बाद बारिश हुई है। बेमौसम बारिश से प्रदेश भर में ठंड और शीतलहर के हालात हैं। वहीं मध्य प्रदेश में भी लगातार तीसरे दिन भी कई इलाकों में बारिश हुई। कुछ जगह ओलावृष्टि होने से फसलों को नुकसान पहुंचा। बादल और कोहरा बना रहने के कारण रात में न्यूनतम तापमान बढ़ गया है, लेकिन धूप नहीं निकलने के कारण दिन के तापमान में गिरावट बनी हुई है।

बिहार में आज छाए रहेंगे बादल

पटना और आसपास के इलाके में शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना है। गुरुवार को पटना सहित प्रदेशभर का तापमान सामान्य स्तर पर पहुंचने के कारण लोगों ने कनकनी से राहत महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार, पांच दिसंबर से आकाश साफ होने के साथ ही तापमान में गिरावट की संभावना है। पटना का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री और अधिकतम 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पंजाब में फिर बदलेगा मौसम

पंजाब में दो दिन हल्की धूप के बाद सूबे में शुक्रवार से मौसम फिर बदलेगा। चंडीगढ़ मौसम विभाग की मानें तो एक सप्ताह तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। जालंधर व आनंदपुर साहिब सहित कई जिलों में शुक्रवार से बारिश भी हो सकती है। आठ जनवरी तक मौसम ऐसे ही रहेगा और ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

उप्र में ठंड से 19 की मौत

पहाड़ों पर रुक-रुककर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों बरकरार है। उप्र के विभिन्न जिलों में शीतलहर और गलन के प्रकोप के बीच गुरुवार को दिन में खिली धूप राहत लेकर आई, लेकिन बारिश और ओलावृष्टि लोगों के लिए आफत बन गई। वहीं, गुरुवार को जानलेवा ठंड की चपेट में आने से सूबे में 19 लोगों की मौत हो गई।

chat bot
आपका साथी