राजनाथ भी बोले, हजकां से गठबंधन बेजोड़

नरेंद्र मोदी के बाद भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी प्रदेश में हरियाणा जनहित कांग्रेस के साथ गठबंधन को मजबूत कर गए। महंगाई, भ्रष्टाचार व अन्य मुद्दों पर संप्रग सरकार को घेरने के साथ ही उनका पूरा जोर प्रदेश में गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं को शांत करने पर रहा। हरियाणा में आयोजित अपनी विभिन्न रैलियों में राज

By Edited By: Publish:Sat, 05 Apr 2014 02:40 AM (IST) Updated:Sat, 05 Apr 2014 02:42 AM (IST)
राजनाथ भी बोले, हजकां से गठबंधन बेजोड़

पानीपत [जागरण न्यूज नेटवर्क]। नरेंद्र मोदी के बाद भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी प्रदेश में हरियाणा जनहित कांग्रेस के साथ गठबंधन को मजबूत कर गए। महंगाई, भ्रष्टाचार व अन्य मुद्दों पर संप्रग सरकार को घेरने के साथ ही उनका पूरा जोर प्रदेश में गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं को शांत करने पर रहा।

हरियाणा में आयोजित अपनी विभिन्न रैलियों में राजनाथ ने भाजपा-हजकां गठबंधन को बेजोड़ बताते हुए भ्रम फैलाने वालों से सावधान किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन है और रहेगा। नरेंद्र मोदी को अमेरिकी वीजा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मोदी को आवेदन करने की जरूरत नहीं है, वह दिन दूर नहीं जब अमेरिका खुद वीजा लेकर आएगा। उन्होंने सशक्त भारत के निर्माण के साथ युवाओं, किसानों व दूसरे वर्गो को आकर्षित करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी।

राजनाथ ने किसानों का मुद्दा उठाया, देश की सीमाओं की सुरक्षा पर चिंता जताई, महंगाई, भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरने के साथ ही राजग काल की अपनी उपलब्धियां भी गिनाईं, लेकिन वोट मांगने के लिए ज्यादा भरोसा नरेंद्र मोदी पर दिखा।

भाजपा अध्यक्ष ने रैलियों में लोगों को समझाया कि देश की सुरक्षा और विकास के लिए नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री बनना जरूरी है। वही देश को महाशक्ति बनाने का माद्दा रखते हैं। इसलिए भाजपा प्रत्याशियों को अधिकाधिक संख्या में जिताएं।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हमारे सैनिकों के सिर काट रहा है। चीन भारत की सीमाओं में घुसपैठ कर रहा है और कांग्रेस धर्मनिरपेक्षता का ढिंढोरा पीटती है। सबसे ज्यादा समाज को इसी पार्टी ने बांटा है।

करनाल के घरौंडा की अनाज मंडी में आयोजित रैली में उन्होंने दानवीर कर्ण की नगरी के हवाले से वोट मांगा। राजनाथ ने कहा कि मोदी ने गरीब मां की कोख से जन्म लिया है। वह देश के हालात से बखूबी वाकिफ हैं। मोदी की लगातार 12 वर्ष तक राजनीतिक परीक्षा होती रही, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। कांग्रेस इतनी हताश है कि उन्हें प्रियंका वाड्रा को मैदान में उतारना पड़ा है।

बरवाला (पंचकूला) में भाजपा अध्यक्ष ने सत्ता में आने पर सरकार के सौ दिन का एजेंडा रखा। बकौल, राजनाथ पार्टी स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाने के बाद सौ दिन में काला धन विदेश से वापस लाने की कार्रवाई शुरू करेगी। भ्रष्टाचार के खात्मे को पारदर्शी सिस्टम बनाया जाएगा। पूर्व सैनिकों को हर तरह की सुविधाएं मुहैया कराने के लिए पूर्व सैनिक कल्याण आयोग गठित किया जाएगा। युवाओं के सशक्तिकरण के लिए रोजगार उन्मुखी योजनाएं शुरू करना उनका मुख्य ध्येय है। राजनाथ सिंह बोले कि यहां की सरकार पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को हरियाणा में पंचकूला के बरवाला, करनाल के घरौंडा और उससे पहले भिवानी के हुड्डा पार्क के पास रैली को संबोधित किया।

बनारसी दास गुप्त के बेटे भाजपा में शामिल

भिवानी रैली में पूर्व मुख्यमंत्री बनारसीदास गुप्त के बेटे अजय गुप्ता ने कांग्रेस छोड़कर राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने भाजपा का दामन थाम लिया।

पढ़ें : राजनाथ को मिला अटल आशीर्वाद

chat bot
आपका साथी