पीएनबी घोटाला: नीरव मोदी के पास आधा दर्जन पासपोर्ट, दर्ज होगा केस

जांच अधिकारियों ने पाया कि नीरव का पासपोर्ट रद किए जाने के बावजूद वह लगातार यात्राएं कर रहा है। इस दौरान उसके पास छह पासपोर्ट होने का पता चला।

By Manish NegiEdited By: Publish:Sun, 17 Jun 2018 08:43 PM (IST) Updated:Sun, 17 Jun 2018 08:43 PM (IST)
पीएनबी घोटाला: नीरव मोदी के पास आधा दर्जन पासपोर्ट, दर्ज होगा केस
पीएनबी घोटाला: नीरव मोदी के पास आधा दर्जन पासपोर्ट, दर्ज होगा केस
नई दिल्ली, प्रेट्र। पीएनबी धोखाधड़ी मामले की जांच कर रही एजेंसियों को फरार हीरा कारोबारी नीरव मोदी के पास कम-से-कम आधा दर्जन भारतीय पासपोर्ट होने की जानकारी मिली है। इसके बाद उसके खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज कराए जाने पर विचार किया जा रहा है।
जांच अधिकारियों ने पाया कि नीरव का पासपोर्ट रद किए जाने के बावजूद वह लगातार यात्राएं कर रहा है। इस दौरान उसके पास छह पासपोर्ट होने का पता चला। इनमें से दो पिछले कुछ समय से सक्रिय हैं। सूत्रों ने बताया कि चार अन्य पासपोर्ट सक्रिय नहीं हैं। इन दो सक्रिय पासपोर्टो में से एक में नीरव का पूरा नाम लिखा हुआ है जबकि दूसरे में केवल उसका पहला नाम अंकित है। इस पासपोर्ट पर उसे ब्रिटेन का 40 माह का वीजा हासिल है। संभवत: इसी तरीके से वह भारत सरकार द्वारा एक पासपोर्ट रद किए जाने के बावजूद लगातार यात्राएं कर रहा है।
सूत्रों ने बताया कि सरकार ने विदेश मंत्रालय के जरिये इंटरपोल को नीरव के दो रद पासपोर्टो की जानकारी दे दी थी। लेकिन, समान अंतरराष्ट्रीय तंत्र के अभाव में कई देशों में दस्तावेजों को वैधानिक तरीके से निरस्त नहीं किया जा सका है। इसी का फायदा उठाते हुए नीरव यात्रा कर रहा है।
सुरक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नीरव मोदी के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है और जांच पूरी होने के बाद उस पर मुकदमा चलाया जा सकता है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि विभिन्न देशों की यात्रा के लिए नीरव दूसरे देश द्वारा जारी पासपोर्ट का इस्तेमाल तो नहीं कर रहा है।
chat bot
आपका साथी