बिगड़े मौसम ने ली नौ लोगों की जान, कई घायल

आंधी और बारिश से पारा गिरा, अभी गर्मी से रहेगी राहत..

By Gunateet OjhaEdited By: Publish:Sun, 23 Apr 2017 10:13 AM (IST) Updated:Sun, 23 Apr 2017 10:13 AM (IST)
बिगड़े मौसम ने ली नौ लोगों की जान, कई घायल
बिगड़े मौसम ने ली नौ लोगों की जान, कई घायल

नई दिल्ली, जेएनएन। मौसम के बदले रुख ने गर्मी से राहत तो जरूर दी है, लेकिन कई स्थानों पर आंधी-पानी व वज्रपात से नौ लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल भी हुए हैं। वहीं आंधी में खंभे उखड़ने और तार टूटने से कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित तो गई। कुछ स्थानों पर रेल यातायात भी बाधित हुआ है।

आंधी-पानी से फसलों को भी नुकसान हुआ है। शनिवार को पश्चिम बंगाल में उत्तर दिनाजपुर के रायगंज में तालाब में मछलियां पकड़ रहे चार लोगों की वज्रपात से मौत हो गई। मालदा में तेज हवाओं के साथ बारिश में 250 से अधिक कच्चे घर ढह गए। उत्तराखंड में विभिन्न क्षेत्रों में आई आंधी से हरिद्वार में विश्वकर्मा घाट के पास उखडे़ पेड़ की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई। बेरीनाग के मानीखेत में एक घर के क्षतिग्रस्त होने से दंपत्ती घायल हो गए, जबकि बेरीनाग बाजार में उख़़डे होर्डिग की चपेट में आकर तीन युवक चोटिल हो गए।

हिमाचल में तेज हवाओं से कई घरों की छतें उड़ गई। पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए, जिससे कुछ क्षेत्रों में बिजली व पेयजल आपूर्ति भी बाधित रही। पंजाब में कई जगहों पर मकान के छज्जे, दीवार, शेड, बिजली के खंभे और पेड़ गिर गए। इन घटनाओं में एक बच्ची और युवक की मौत हो गई। वहीं दीवार गिरने से आठ लोग घायल हो गए।

जम्मू कश्मीर में किश्तवाड़-ठाठरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर द्रबशाला कुलीगढ़ में पहाड़ से भूस्खलन हो गया। इसकी चपेट में आई कार में सवार मां-बेटी की मौत हो गई और पति व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। कई पेड़ उखड़ गए और 50 से ज्यादा बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए। मेघालय के दक्षिण पश्चिम गारो हिल्स जिले के कम से कम सात गांवों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।

यह भी पढ़ेंः राष्ट्रपति चुनाव के बहाने सोनिया ने संभाली कमान, सहयोगी बने राहुल

chat bot
आपका साथी