हर वर्ष 96 हजार किमी की दूरी तय करता है आर्कटिक टर्न, ऐसा घुमक्कड़ पक्षी देखा है कहीं

आर्कटिक टर्न जैसा घुम्‍मकड़ पक्षी इस धरती पर शायद ही कोई दूसरा हो। इसके बाद सूटी शीयरवाटर बर्ड भी उन्‍हीं पक्षियों में शुमार किया जाता है जो अपने जीवनकाल में लंबी दूरी तय करते हैं। आर्कटिक की उम्र भी अधिकतम 30 वर्ष तक हो सकती है।

By Kamal VermaEdited By: Publish:Sun, 25 Oct 2020 12:47 PM (IST) Updated:Sun, 25 Oct 2020 12:47 PM (IST)
हर वर्ष 96 हजार किमी की दूरी तय करता है आर्कटिक टर्न, ऐसा घुमक्कड़ पक्षी देखा है कहीं
अपने जीवनकाल में लंबी दूरी तय करता है आर्कटिक टर्न बर्ड

नई दिल्‍ली (जेएनएन)। दुनिया में पक्षियों का विशाल और अद्भुत संसार बसा हुआ है। जिसे खोजते-खोजते हम ऐसी दुनिया में पहुंच जाते हैं, जो तमाम रहस्यों से भरी हुई है। विभिन्न आविष्कारों के बाद से मानव जीवन सरल हुआ है और लोगों ने अब चलना कम कर दिया है। हालांकि पक्षियों और जानवरों की दुनिया से इन आविष्कारों का कोई वास्ता नहीं है। यही कारण है कि हर साल पक्षी प्रवास पर एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाते हैं। प्रवास का मौसम अब शुरू हो चुका है और पक्षी ऊंचे आसमान में दूर, बहुत दूर तक उड़ने के लिए तैयार हैं। हर साल कुछ पक्षियों द्वारा तय की जाने वाली दूरी अपने आप में ही आश्चर्य है। स्टेटिस्टा डॉट कॉम के विभिन्न स्रोत बताते हैं कि कुछ पक्षियों की यात्रा हजारों किलोमीटर लंबी होती है।

जैसे चांद को छूकर आए

सालभर यात्रा करने के मामले में दुनिया में आर्कटिक टर्न जैसा घुमक्कड़ पक्षी कोई नहीं। यह अकेला पक्षी है जो हर साल करीब 96 हजार किलोमीटर (60 हजार मील)की दूरी तय करता है। यह किसी भी पशु-पक्षी द्वारा एक साल में तय की जाने वाली सर्वाधिक दूरी है। आर्कटिक टर्न करीब 30 साल तक जीवित रहता है। अपने जीवन में यह जितनी यात्रा करता है, उससे चांद पर जाकर लौटा जा सकता है और वो भी एक बार नहीं बल्कि तीन बार।

पक्षी बनूं उड़ता फिरूं मस्त गगन में

कई पक्षी ऐसे हैं, जिन्हें लंबी दूरी की यात्रा करना पसंद है। इनमें सूटी शीयरवाटर का नाम भी शामिल है। आर्कटिक टर्न के बाद यह दूसरा ऐसा पक्षी है, जो सर्वाधिक लंबी दूरी की यात्रा तय करता है। सूटी शीयरवाटर सालभर में 64 हजार किलोमीटर (40 हजार मील) की दूरी तय करता है। खास बात है कि यह पक्षी झुंड के बजाय अकेले ही इतनी लंबी यात्रा करने की हिम्मत रखता है। इस सूची में तीसरा स्थान शॉर्ट टेल्ड शीयरवाटर का है। यह 43 हजार किमी (27 हजार मील) की दूरी तय करता है।

टैगिंग प्रयोगों से नए खुलासे

टैगिंग प्रयोगों से पता चलता है कि न्यूजीलैंड में प्रजनन करने वाले पक्षी एक साल में जापान, अलास्का और कैलिफोर्निया तक की यात्रा कर सकते हैं।

4,000 पक्षियों की प्रजातियां नियमित रूप से प्रवास करती हैं। प्रजातियों के रुप में यह कुल पक्षी जगत का करीब 40 फीसद है।

बार टेल्ड गोडविट बिना रुके 7,500 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है। यह दूरी आठ दिनों तक भोजन और आराम के बिना रिकॉर्ड की गई है।

chat bot
आपका साथी