मुलायम से पूछे बगैर अखिलेश ने की मंत्रियों की छुट्टी!

यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने अपने मंत्रिमंडल के दो मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है, जिसके लिए उन्होंने पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव से भी सहमति नहीं ली है।

By Manish NegiEdited By: Publish:Mon, 12 Sep 2016 11:47 PM (IST) Updated:Tue, 13 Sep 2016 06:07 AM (IST)
मुलायम से पूछे बगैर अखिलेश ने की मंत्रियों की छुट्टी!

नई दिल्ली, (जागरण ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की चुनावी प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपनी छवि संवारने में जुट गए हैं। अपने मंत्रिमंडल के दो मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है, जिसके लिए उन्होंने पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव से भी सहमति नहीं ली है। नेताजी ने मुख्यमंत्री अखिलेश की इस कार्रवाई के बारे में तो यही कहा है।

मुलायम सिंह ने कहा- 'मंत्रियों को मंत्रिमंडल से निकाले जाने के बारे में उनसे नहीं पूछा गया।' राजनीतिक रूप से यह भले ही सही लग रहा हो। लेकिन व्यावहारिक रूप से यह किसी के लिए भी यकीन से परे है। मुख्यमंत्री खुद को बेदाग और सख्त प्रशासक की छवि बनाकर चुनाव में उतरना चाहते हैं। इससे पार्टी सत्ता विरोधी लहर से खुद को बचाने में सफल हो सकती है।

साढ़े चार साल में अब तक डेढ़ दर्जन मंत्रियों को बर्खास्त कर चुके हैं अखिलेश

पार्टी के बड़े नेताओं को मुख्यमंत्री का यह रुख भले ही पच नहीं रहा हो। लेकिन कोई खुलकर बोलने हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। हालांकि इसके तत्काल बाद पार्टी मुखिया मुलायम सिंह से उनके दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर उनसे मुलाकात करने प्रोफेसर रामगोपाल यादव और शिवपाल यादव पहुंचे। कहा तो यह गया कि इन वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर नेताजी से चर्चा की। लेकिन सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री अखिलेश की इस तरह की कार्रवाइयों से पैदा होने वाली चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मालूम हो कि इसके पहले भी मुख्यमंत्री ने अपने दो वरिष्ठ मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया था, जिसे लेकर तब पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव खासा नाराज हो गए थे। बात यहां तक बढ़ी कि नेताजी यानी मुलायम सिंह को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद उन्हें मंत्रिमंडल में दोबारा शामिल किया गया था।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नेताजी के चहेते मंत्री को किया बर्खास्त

chat bot
आपका साथी