सेना ने जवानों को दी आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने की सलाह, 13 दिनों में रिकॉर्ड 5 करोड़ लोगों ने किया डाउनलोड

सेना ने अपने जवानों से आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड करने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं प्रसार भारती ने अपने कर्मचारियों के लिए एप इंस्टाल करना अनिवार्य कर दिया है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Wed, 15 Apr 2020 11:12 PM (IST) Updated:Wed, 15 Apr 2020 11:12 PM (IST)
सेना ने जवानों को दी आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने की सलाह, 13 दिनों में रिकॉर्ड 5 करोड़ लोगों ने किया डाउनलोड
सेना ने जवानों को दी आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने की सलाह, 13 दिनों में रिकॉर्ड 5 करोड़ लोगों ने किया डाउनलोड

नई दिल्ली, पीटीआइ। सेना ने भी जवानों को दी आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने की सलाह दी है। वहीं प्रसार भारती ने अपने कर्मचारियों के लिए एप इंस्टाल करना अनिवार्य कर दिया है। मालूम हो कि कोरोना संक्रमितों पर नजर रखने व उनकी पहचान करने के लिए सरकार की तरफ से लांच किए गए आरोग्य सेतु एप ने कीर्तिमान स्थापित किया है। वह 13 दिनों के भीतर सबसे तेजी से पांच करोड़ डाउनलोड किए जाने वाला एप बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्र के नाम संबोधन के दौरान लोगों से आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड करने की अपील भी की थी।

जवानों से कहा एप डाउनलोड करें

वहीं सेना ने अपने सभी जवानों, भूतपूर्व सैनिकों व उनके परिजनों को आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने की सलाह दी है। सेना ने कहा है कि इस एप का इस्तेमाल कार्यालय परिसर, अभियान क्षेत्र व संवेदनशील इलाके में किया जाना चाहिए। इसके अलावा जवानों को साइबर सुरक्षा नीतियों के अनुपालन की भी सलाह दी गई है। सेना की तीनों शाखाओं ने सूचनाओं को लीक होने से रोकने के लिए सख्त साइबर सुरक्षा उपायों का प्रावधान किया है। जवानों को मोबाइल फोन अपडेट करने के साथ ही उसमें एंटीवायरस इंस्टाल करने की सलाह भी दी गई है। सेना में कुल 13 लाख जवान हैं।

प्रसार भारती ने कर्मचारियों के लिए अनिवार्य किया

उधर, प्रसार भारती ने दफ्तर और फील्ड में काम कर रहे अपने कर्मचारियों को आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के साथ-साथ एक्टिवेट करने के निर्देश दिए हैं। उसने इस संबंध में मेमोरंडम भी जारी किया है। इसमें सभी कर्मचारियों के लिए आरोग्य सेतु एप अनिवार्य किए जाने की जानकारी दी गई है। उल्‍लेखनीय है कि यह एप एंड्रॉयड और आइओएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। वहीं दूसरी ओर देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे में 1,118 नए मामले मिलें हैं और संक्रमितों की संख्या 11,933 हो गई है।

13 दिन करोड़ यूजर्स

नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने बुधवार को ट्वीट किया, 'टेलीफोन को पांच करोड़ लोगों तक पहुंचने में 75 साल लगे, रेडियो को 38 साल, टेलीविजन को 13 साल, इंटरनेट को चार साल, फेसबुक को 19 महीने और पोकेमॉन गो को 19 दिन। लेकिन, कोरोना से लड़ाई के लिए लांच किए गए देश के पहले आरोग्य सेतु एप को पांच करोड़ लोगों तक पहुंचने में सिर्फ 13 दिन लगे जो एक विश्‍व रिकॉर्ड है।' आरोग्य सेतु एप मोबाइलधारक को आसपास आने वाले कोरोना संक्रमितों के बारे में सावधान करता है। साथ ही वह संक्रमण के खतरे के स्तर को भी बताता है।

विकसित करने में इन मंत्रालयों ने निभाई भूमिका

इसका विकास प्रधानमंत्री की तरफ से गठित कमेटी ने किया है, जिसमें नीति आयोग, इलेक्ट्रॉनिक और सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालयों की प्रमुख भूमिका रही है। सूत्रों का कहना है कि कमेटी में शामिल टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज व टेक महिंद्रा इस एप में और सुविधाओं को जोड़ने की दिशा में काम कर रही हैं। टेक महिंद्रा समूह एप के नए वर्जन पर काम कर रहा है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, मशीन लर्निंग और डाटा साइंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो सकती हैं। साथ ही इस एप की उपलब्धता सभी प्रकार के फोन पर सुनिश्चित करने की कोशिशें भी जारी हैं।  

chat bot
आपका साथी