टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है हमारी नजर

कुछ ऐसी खबरें भी होती हैं, जिनका हमें इंतजार रहता है या पहले से पता होता है कि आज यह सब होगा। ये हैं आज की वो दस बड़ी खबरें, जिन पर आज हमारी नजर बनी हुई है।

By Digpal SinghEdited By: Publish:Sat, 09 Jun 2018 09:47 AM (IST) Updated:Sat, 09 Jun 2018 10:10 AM (IST)
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है हमारी नजर
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है हमारी नजर

नई दिल्ली, (जेएनएन)। आज शनिवार है और हो सकता है आप छुट्टी के मूड में हों, लेकिन खबरें कभी छुट्टी पर नहीं रहतीं। अन्य दिनों की तरह आज भी कई खबरें हमारे और आपके सामने आएंगी। कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं जो अचानक घट जाती हैं और सुर्खियों में छा जाती हैं। जबकि कुछ ऐसी खबरें भी होती हैं, जिनका हमें इंतजार रहता है या पहले से पता होता है कि आज यह सब होगा। ये हैं आज की वो दस बड़ी खबरें, जिन पर आज हमारी नजर बनी हुई है। 

1. SCO शिखर सम्मेलन: चीन के लिए रवाना हुए PM मोदी, जानिए भारत की कूटनीतिक चुनौती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ सदस्‍यीय शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में शिरकत करने के लिए आज दो दिवसीय चीन यात्रा पर रवाना हो गए हैं। प्रधानमंत्री शनिवार को चीन के तटीय शहर किंगदाओ में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग की अध्यक्षता में शांदोंग प्रांत के किंगदाओ शहर में नौ और 10 जून को आयोजित हो रहे 18वें एससीओ सम्मेलन में मोदी भाग लेंगे। बता दें कि मध्य चीनी शहर वुहान में दोनों नेताओं के बीच हुई 'ऐतिहासिक अनौपचारिक मुलाकात' के करीब दो महीने बाद हो रही इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।
पढ़ें पूरी खबर 

2. मुंबई : मूसलाधार बारिश की आशंका, लोगों को घरों में रहने की सलाह; समुद्र में न जाएं मछुआरे
मुंबई में आफत बनी मूसलाधार बारिश से परेशान लोगों को फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने मुंबई सहित महाराष्ट्र के उत्तरी तटीय क्षेत्र में 9 से 12 जून तक तेज बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है, वहीं दूरदराज क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में पहले से जलमग्न मुंबई की मुश्किलें अब और बढ़ सकती हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी है। वहीं, 12 जून तक मछुआरों को कोंकण और गोवा तट पर समुद्र में उतरने को भी मना किया है।
पढ़ें पूरी खबर

3. हरियाणा सरकार का एक फैसला और ट्विटर पर भिड़े खेमका व योगेश्वर दत्त
हरियाणा सरकार द्वारा खिलाड़ियों की कमाई से हिस्सा मांगने के विवाद पर भले ही फिलहाल रोक लग गई हो, लेकिन ये मामला इतनी जल्दी ठंडा होता नजर नहीं आ रहा है। इस नोटिफिकेशन के मीडिया में आने के बाद पहलवान योगेश्वर दत्त ने आइएएस अशोक खेमका पर कटाक्ष किया और कहा कि ऐसे अफसरों से भगवान बचाए, जब से आए हैं, तब से तुगलकी फरमान जारी कर रहे हैं। वहीं, आइएएस अशोक खेमका भी कहां चुप रहने वाले थे उन्होंने भी पलटवार किया और कहा कि मर्यादा में रहें। इसके बाद दोनों के बीच ट्विटर पर बहस हुई। इस मामले में आज का दिन महत्वपूर्ण हो सकता है। अब देखना होगा कि सरकार कैसे खिलाड़ियों और ब्यूरोक्रेसी को एक साथ साधती है
पढ़ें पूरी खबर

4. भारतीय सेना को मिले 383 युवा अधिकारी, सात मित्र देशों के 74 कैडेट भी हुए पास आउट
कदम-कदम बढ़ाए जा, खुशी के गीत गाए जा..ये जिंदगी है कौम की, तू कौम पे लुटाए जा।' आत्मविश्वास से लबरेज 457 जेंटलमैन कैडेट ड्रिल स्क्वायर पर पहुंचे, तो लगा कि विशाल सागर उमड़ आया है। एक साथ उठते कदम और गर्व से तने सीने दर्शक दीर्घा में बैठे हर एक शख्स के भीतर ऊर्जा का संचार कर रहे थे। शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) में अंतिम पग भरते ही 383 नौजवान भारतीय सेना का हिस्सा बन गए। इसके साथ ही 74 विदेशी कैडेट भी पास आउट हुए। नेपाल के सेना प्रमुख जनरल राजेन्द्र छेत्री ने दीक्षांत परेड की सलामी ली।
पढ़ें पूरी खबर

5. नीतीश सरकार ले सकती बड़ा फैसला, शराबबंदी कानून में संशोधन संभव
शराबबंदी कानून के तहत सजा के जो प्रावधान है उसमें संशोधन संभव है। राज्य सरकार के स्तर पर आला अधिकारियों की एक कमेटी गठित की गई थी। कमेटी ने यह सुझाया है कि किन-किन मसलों पर रियायत दी जा सकती है। कमेटी की रिपोर्ट का अध्ययन विधिवेक्ताओं द्वारा किया जा रहा है। उनके सुझाव पर महाधिवक्ता के स्तर पर मंथन होगा। इसके बाद सरकार आगे कोई निर्णय लेगी। 

6. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज करेंगे पंचक्रोशी यात्रा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पंचक्रोशी यात्रा करने के लिए वाराणसी में रहेंगे। यात्रा को लेकर पिछले दो-तीन दिन से युद्ध स्तर पर प्रशासनिक तैयारियां चल रही हैं। इस दौरान समूचे रास्ते पर पहली बार नागरिक सुविधाओं को जमीन पर उतारा गया है।

7. आज भाजपा की पोल खोलेगी कांग्रेस
केंद्र की मोदी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार नौ जून को उत्तर प्रदेश में जिला केंद्रों पर पत्रकार वार्ता करके भाजपा की पोल खोली जाएगी। इसके बाद 25 जून तक ब्लॉक स्तर पर सम्मेलनों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता जुट जाएंगे।

8. सीडी कांड में दिल्ली और मुंबई से आज लौटेगी सीबीआइ टीम
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित अश्लील सीडी कांड में सीबीआइ ने जांच पूरी कर ली है। बताया जा रहा है कि इस मामले में टेंपरिंग कर सीडी बनवाने वाले लोगों का पता चल गया है। जल्द ही दो लोगों की गिरफ्तारी की जा सकती है। भाजपा नेता कैलाश मुरारका और एक व्यवसाई पर सीबीआइ ने शिकंजा कर दिया है। सीबीआइ टीम दिल्ली व मुबंई से साक्ष्य जुटाकर शनिवार को लौट रही है।

9. मध्‍य प्रदेश के चुनावी रण के लिए तैयार भाजपा और कांग्रेस का सोशल मीडिया वार रूम
मध्‍यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही सोशल मीडिया को लेकर अपने वाररूम तैयार किए हैं। भाजपा ने जहां भोपाल में जहां 50 लोगों की टीम 24 घंटे मोर्चा संभालेगी, वहीं पार्टी के संगठनात्मक दृष्टि से बनाए गए 56 जिलों में 11-11 कार्यकर्ताओं की टीम बनाई गई है। मंडल स्तर पर 6-6 कार्यकर्ताओं की टीम सोशल मीडिया में जिले व प्रदेश से आई सामग्री, वीडियो, ऑडियो वायरल करेंगे। प्रदेश के 65 हजार बूथ में पार्टी के सोशल मीडिया का काम करने के लिए प्रति बूथ दो-दो कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
पढ़ें पूरी खबर

10. यूएन सुरक्षा परिषद में पांच नए सदस्य चुने गए, जानिए कौन-कौन देश हुए शामिल
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सुरक्षा परिषद में पांच नए सदस्य देशों को निर्वाचित किया। निर्वाचित किए गए पांच सदस्य देशों में बेल्जियम, डोमिनिकन रिपब्लिक, जर्मनी, इंडोनेशिया और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। ये सभी देश दो साल की अवधि के लिए सुरक्षा परिषद में गैर-स्थायी सदस्य के तौर पर चुने गए। संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों ने बैलेट पेपर से मतदान किया। जर्मनी और डोमिनिकन रिपब्लिक को 184-184 मत मिले, जबकि दक्षिण अफ्रीका को 183 मत मिले। वहीं, बेल्जियम को 181 और इंडोनेशिया को 144 मत मिले।
पढ़ें पूरी खबर

chat bot
आपका साथी