Mission Indradhanush 3.0: पहले दिन 34 हजार बच्चों और गर्भवतियों को लगाए गए टीके

Mission Indradhanush 3.0 केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अभियान का उद्देश्य देश में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पूर्ण टीकाकरण को गति देना है। सोमवार को 15 दिनों के लिए इसके पहले चरण की शुरुआत हुई थी।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Tue, 23 Feb 2021 07:46 PM (IST) Updated:Tue, 23 Feb 2021 08:16 PM (IST)
Mission Indradhanush 3.0: पहले दिन 34 हजार बच्चों और गर्भवतियों को लगाए गए टीके
पहले चरण के अभियान की सोमवार को हुई थी शुरुआत

नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने समग्र मिशन इंद्रधनुष (IMI) 3.0, अभियान का क्रियान्वयन शुरू कर दिया है जिसका उद्देश्य उन बच्चों और गर्भवती महिलाओं तक पहुंचना है जो कोरोना की वजह से नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए थे। अभियान के पहले दिन सोमवार को 29 हजार बच्चों और पांच हजार गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए गए।

मंत्रालय ने कहा कि अभियान का उद्देश्य देश में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पूर्ण टीकाकरण को गति देना है। सोमवार को 15 दिनों के लिए इसके पहले चरण की शुरुआत हुई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन ने 19 फरवरी को इस अभियान की शुरुआत की थी और राज्यों व जिला पदाधिकारियों से हर बच्चे तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए अधिकतम पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने का अनुरोध किया था।

यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अभियान की शुरुआत की थी

राज्य स्तर पर शीर्ष नेतृत्व ने टीकाकरण कार्यक्रम को अपना है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इस अभियान की शुरुआत की थी। राजस्थान में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने सोमवार को इस अभियान की शुरुआत की। मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य मंत्री प्रभु राम चौधरी ने सोमवार को इस अभियान की शुरुआत की।

इंद्रधनुष 3 अभियान पहले से निर्धारित 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 250 जिलों में चलाया जा रहा है। इसमें खासकर ईंट-भट्ठों पर काम करने वाले मजदूरों और प्रवासी श्रमिकों के बीच चलाया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी