पुणे में दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म, एक की मौत

पुणे में दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। इनमें एक लड़की की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है।

By Vikas JangraEdited By: Publish:Thu, 20 Sep 2018 10:44 PM (IST) Updated:Thu, 20 Sep 2018 10:44 PM (IST)
पुणे में दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म, एक की मौत
पुणे में दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म, एक की मौत

मुंबई [जेएनएन]। पुणे में दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। इनमें एक लड़की की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना पुणे के उपनगर पिंपरी-चिंचवड़ स्थित हिंजवाड़ी थाना क्षेत्र की है।

रविवार को दोपहर बाद एक ही इलाके में रहनेवाली दो 12 वर्षीय लड़कियां अपने घर के निकट ही एक मंदिर गई थीं। मंदिर के निकलने के बाद उसी क्षेत्र में रहनेवाले गणेश निकम नामक एक 22 वर्षीय युवक एवं उसका एक नाबालिग साथी दोनों लड़कियों को चॉकलेट देने का वायदा कर मंदिर के पीछे सुनसान जगह पर ले गए। वहां दोनों ने पहले एक लड़की के साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया। फिर एक ने दूसरी लड़की के साथ दुष्कर्म किया। फिर दोनों लड़कियों को यह धमकी देकर छोड़ दिया कि किसी को बताया तो ठीक नहीं होगा। 

धमकी के डर से दोनों लड़कियां दो दिन चुप रहीं। लेकिन बुधवार को एक लड़की की तबियत खराब होने लगी। उसके माता-पिता जब उसे अस्पताल ले गए तो वहां उसके साथ दुष्कर्म होने की बात सामने आई। तब अस्पताल की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस उपायुक्त नम्रता पाटिल के अनुसार इलाज के लिए आई लड़की बयान देने की स्थिति में नहीं थी। लेकिन उसके मां-बाप ने बताया कि रविवार को उसके साथ एक और लड़की थी। यह जानकारी मिलने के बाद जब पुलिस ने दूसरी लड़की से पूछताछ की तो पूरे प्रकरण का खुलासा हुआ और दोनों लड़के गिरफ्तार कर लिए गए। लेकिन इस बीच अस्पताल लाई गई लड़की को बचाया नहीं जा सका। उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार फिलहाल आरोपियों पर आपीसी की धाराओं 363 (अपहरण) एवं 376 (दुष्कर्म) के अलावा प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल अफेंसेज (पॉक्सो) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मृत लड़की की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर उसकी मृत्यु के कारणों का पता चलने पर धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। 

chat bot
आपका साथी