टाटा समूह की आय 100 अरब डॉलर के पार

नमक से लेकर सॉफ्टवेयर सेवाओं के कारोबार में सक्रिय टाटा समूह 100 अरब डॉलर से ज्यादा के राजस्व वाला देश का पहला कारोबारी समूह बन गया है। वर्ष 2011-12 में ग्लोबल स्तर पर समूह के राजस्व में 20 फीसद का उछाल दर्ज किया गया। हालांकि, इस दौरान समूह का शुद्ध मुनाफा

By Edited By: Publish:Mon, 22 Oct 2012 08:31 AM (IST) Updated:Mon, 22 Oct 2012 08:32 AM (IST)
टाटा समूह की आय 100 अरब डॉलर के पार

मुंबई। नमक से लेकर सॉफ्टवेयर सेवाओं के कारोबार में सक्रिय टाटा समूह 100 अरब डॉलर से ज्यादा के राजस्व वाला देश का पहला कारोबारी समूह बन गया है। वर्ष 2011-12 में ग्लोबल स्तर पर समूह के राजस्व में 20 फीसद का उछाल दर्ज किया गया। हालांकि, इस दौरान समूह का शुद्ध मुनाफा 9.4 फीसद घटकर पांच अरब डॉलर रह गया। 100 से ज्यादा कंपनियों वाले इस समूह की 31 कंपनियां शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं।

रतन टाटा के नेतृत्व में पिछले कुछ साल में किए गए अधिग्रहणों से समूह के कारोबार में भारी वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2010-11 में समूह का कारोबार 83.3 अरब डॉलर रहा था। दुनियाभर के 80 देशों में कारोबार कर रहे इस समूह के कर्मचारियों की संख्या भी पिछले साल 32,000 की बढ़ोतरी के साथ 4.56 लाख हो गई।

डॉलर में बीते साल समूह के मुनाफे में 9.4 फीसद की गिरावट आई है लेकिन रुपये में यह मुनाफा 4.5 फीसद घटकर 25,112 करोड़ रुपये रहा। रुपये में समूह की आय 25.3 फीसद बढ़कर 4,75,721 करोड़ हो गई। इस दौरान टाटा समूह की कुल संपत्तियां 27.5 फीसद की बढ़ोतरी के साथ 3,73,026 करोड़ रुपये की हो गई।

भारतीय कारोबार को छोड़कर समूह का अंतरर्राष्ट्रीय कारोबार बीते साल 21 फीसद बढ़कर 58.5 अरब डॉलर का हो गया। समूह के कुल कारोबार में इसकी हिस्सेदारी करीब 50 फीसद हो गई है। वर्ष 2001-02 में समूह का कुल कारोबार 50,000 करोड़ रुपये का था, जो वर्ष 2006-07 में बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचा था। वर्ष 2007 में समूह ने कोरस स्टील और 2008 में जगुआर और लैंड रोवर का अधिग्रहण किया था। समूह ने पिछले सप्ताह ही अमेरिका की प्रमुख होटल श्रृंखला ओरिएंट एक्सप्रेस के अधिग्रहण के लिए बड़ी बोली लगाई है।

टाटा समूह सूचना प्रौद्योगिकी, स्टील, ऑटोमोबाइल्स, बिजली, होटल, केमिकल्स, उपभोक्ता उत्पाद, खुदरा, इंजीनियरिंग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कारोबार कर रहा है। समूह के कुल कर्मचारियों में से 55 फीसद संचार और सूचना प्रौद्योगिकी कारोबार में हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी