चली गईं सिनेमा की 'श्री'

श्रीदेवी का अंतिम संस्कार सोमवार को विले पार्ले शमशान घाट पर होगा। उनका पार्थिव शरीर भी सोमवार को ही मुंबई पहुंचेगा।

By BabitaEdited By: Publish:Mon, 26 Feb 2018 09:47 AM (IST) Updated:Mon, 26 Feb 2018 10:01 AM (IST)
चली गईं सिनेमा की 'श्री'
चली गईं सिनेमा की 'श्री'

मुंबई, एंटरटेनमेंट ब्यूरो। महानायक अमिताभ बच्चन ने जब शनिवार आधी रात को अपनी घबराहट को लेकर सोशल मीडिया पर एक छोटा सा पोस्ट किया, तो कोई नहीं जानता था कि आने वाले पलों में कितना बड़ा अनर्थ होने जा रहा है। रात तकरीबन दो बजे आई इस खबर ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया कि हृदय गति रुकने से दुबई में प्रसिद्ध अभिनेत्री श्रीदेवी का निधन हो गया। 54 साल की श्रीदेवी (वास्तविक नाम-अम्मा यंगर अय्यप्पन)  दुबई में अपने पति बोनी कपूर के भांजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए गई थीं। उनकी छोटी बेटी खुशी भी उनके साथ गई थीं। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को विले पार्ले शमशान घाट पर होगा। उनका पार्थिव शरीर भी सोमवार को ही मुंबई पहुंचेगा।

जानकारी के मुताबिक, श्रीदेवी दुबई की एमिरेट्स टावर में ठहरी हुई थीं। शनिवार रात 11 बजे उन्हें डिनर के लिए बाहर जाना था। इससे पहले वह नहाने के लिए गईं और वहीं उनको कार्डियक अरेस्ट हुआ। उन्हें फौरन राशिद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इससे पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं। वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दुबई के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम और दूसरी औपचारिकताएं  पूरी की गईं।

देेवर संजय कपूर बोले, नहीं थी दिल की कोई बीमारी 

श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाहन्वी मुंबई में ही थीं। जबकि बोनी कपूर के सबसे छोटे भाई संजय कपूर शनिवार देर शाम ही दुबई से लौटे थे। खबर मिलते ही वह फौरन दुबई लौट गए। संजय कपूर ने बताया, 'हम सब स्तब्ध हैं क्योंकि  उन्हें किसी भी तरह की दिल की कोई बीमारी नहीं थी।' मोहित मारवाह अभिनेत्री सोनम कपूर के कजिन हैं।

अनिल अंबानी के विमान से लाई जाएगी पार्थिव देह

श्रीदेवी की पार्थिव देह दुबई से उद्योगपति अनिल अंबानी के विमान से मुंबई लाई जाएगी। 13 सीटर जेट एम्ब्ररर-135 बीजे, रिलायंस ट्रांसपोर्ट ट्रेवल लिमिटेड का है। यह रविवार दोपहर दुबई केलिए रवाना हो गया।

किसने क्या कहा

श्रीदेवी के निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। उनके जाने से करोड़ों प्रशंसकों का दिल टूट गया। मूनद्रम पिराई, लम्हे और इंग्लिश विंग्लिश जैसी फिल्मों में उनका प्रदर्शन अन्य कलाकारों केलिए प्रेरणादायी रहेगा। - रामनाथ कोविंद, राष्ट्रपति

लोकप्रिय भारतीय अभिनेत्री श्रीदेवी के असामयिक निधन की खबर सुनकर गहरा धक्का लगा। श्रीदेवी बहुमुखी प्रतिभा की धनी एवं बेहद प्रतिभाशाली अभिनेत्री थीं जिन्होंने कई विधाओं और भाषाओं में उल्लेखनीय काम किया।

- राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष

मैं एक ऐसी कलाकार को श्रद्धांजलि देती हूं जिन्होंने अपने काम से यह साबित किया कि व्यावसायिक हिंदी सिनेमा में अभिनेत्रियां अपने पुरुष समकक्षों से बिल्कुल कमतर नहीं हैं।

- स्मृति ईरानी, सूचना एवं प्रसारण मंत्री

लोकप्रिय फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी के अचानक निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। वह बहुमुखी प्रतिभा की धनी और बेहद प्रतिभाशाली अभिनेत्री थीं जिन्होंने तेलुगुर्, हिंदी और कई अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं में काम किया।

- एम. वेंकैया नायडू, उपराष्ट्रपति    

जानी-मानी फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी के असामयिक निधन से बेहद दुख हुआ। वह फिल्म उद्योग में बेहद अनुभवी थीं, जिनके लंबे करियर में विविध और यादगार भूमिकाएं शामिल हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

यह भी पढ़ें: अधूरी रह गयी श्रीदेवी की हसरत

chat bot
आपका साथी