जेल में बंद कवि वरवर राव की जांच के लिए न्यूरोलॉजिस्ट को बुलाया गया, अस्‍पताल में हैं भर्ती

चक्कर आने की शिकायत के बाद 80 वर्षीय वरवर राव को इसी सप्ताह जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Sat, 18 Jul 2020 01:11 PM (IST) Updated:Sat, 18 Jul 2020 01:11 PM (IST)
जेल में बंद कवि वरवर राव की जांच के लिए न्यूरोलॉजिस्ट को बुलाया गया, अस्‍पताल में हैं भर्ती
जेल में बंद कवि वरवर राव की जांच के लिए न्यूरोलॉजिस्ट को बुलाया गया, अस्‍पताल में हैं भर्ती

मुंबई, प्रेट्र। भीमा कोरेगांव हिंसा मामले के आरोपित और नवी मुंबई की तालोजा जेल में बंद कवि एवं कार्यकर्ता वरवर राव को सेंट जार्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच में कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए राव न्यूरोलॉजिकल (तंत्रिका संबंधी) समस्याओं का भी सामना कर रहे हैं। उनके इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर को बुलाया गया। अस्पताल सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

तंत्रिका संबंधी समस्या से जूझ रहे हैं वरवर राव  

चक्कर आने की शिकायत के बाद 80 वर्षीय राव को इसी सप्ताह जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उन्हें दक्षिण मुंबई में दूसरे सरकारी अस्पताल में लाया गया है। डॉक्टरों ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए जाने के बाद गुरुवार शाम उन्हें सेंट जार्ज अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया।

कोविड-19 के लिए इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि उनकी हालत स्थिर है और वह पूरी तरह से ठीक हालत में हैं, लेकिन साथ ही यह भी पाया गया कि उन्हें तंत्रिका संबंधी समस्या भी है। कोरोना वायरस से जुड़े श्वास एवं अन्य चिकित्सकीय मापदंड सामान्य हैं। राव की छाती का एक्सरे और ईसीजी रिपोर्ट भी सामान्य है। उनके स्वास्थ्य की सटीक जानकारी हासिल करने के लिए डॉक्टर सीटी स्कैन कराने की योजना बना रहे हैं।

बता दें कि राव ने सोमवार को बांबे हाई कोर्ट में अस्थायी जमानत के लिए दो याचिकाएं दायर की थीं। राव को नौ अन्य लोगों के साथ एलगार परिषद मामले में माओवादियों से संबंध के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पहले इस मामले की जांच पुणे पुलिस कर रही थी, लेकिन बाद में जांच एनआइए को सौंप दी गई।

 
chat bot
आपका साथी