भारी बारिश से फिर पानी-पानी हुई मुंबई

सायन पुलिस स्टेशन और किंग्स सर्कल के पास सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव व जाम के कारण आने-जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी हुई।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Sun, 08 Jul 2018 01:09 PM (IST) Updated:Sun, 08 Jul 2018 01:09 PM (IST)
भारी बारिश से फिर पानी-पानी हुई मुंबई
भारी बारिश से फिर पानी-पानी हुई मुंबई

मुंबई, एएनआइ। मुंबई में भारी बारिश की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सायन पुलिस स्टेशन और किंग्स सर्कल के पास सड़कों पर पानी भर गया। जगह-जगह जलभराव और जाम के कारण आने-जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। 

मुंबई और नागपुर सहित महाराष्ट्र का बड़ा हिस्सा पिछले 36 घंटों में हुई बरसात से बेहाल है। मुंबई के पड़ोसी जिले पालघर के वसई स्थित चिनचोटी जलप्रताप (वॉटरफाल) में फंसे सौ से अधिक लोगों को बचाया गया है। हालांकि इस पिकनिक स्पॉट पर गए एक व्यक्ति की मौत हो गई है। शनिवार सुबह से मुंबई के कई हिस्सों में हुई जबर्दस्त बारिश के कारण लोकल ट्रेनें, विमान सेवाएं एवं सड़क यातायात तीनों प्रभावित हुए हैं। जबकि नागपुर शहर सहित विधानसभा में भी पानी भर गया और विधानमंडल के वर्षाकालीन सत्र की कार्यवाही दिन भर के लिए रोकनी पड़ी।

वहीं, मुंबई और आसपास तेज बरसात का दौर शनिवार सुबह करीब 10 बजे से शुरू हुआ। मुंबई के पास वसई के तुंगरेश्वर वन में चिनचोटी वॉटरफाल में मौसम खराब होने के बाद सौ से अधिक पर्यटक फंस गए थे। बारह घंटे की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ की पांच बटालियनों ने इन सभी को सुरक्षित बाहर निकाला है। हालांकि तेज बहाव के पानी में फंसे एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

लगातार तेज बरसात से सड़कों पर पानी भर गया और यातायात थम गया। कल्याण से बदलापुर एवं कल्याण से कर्जत मार्ग के ट्रैक पर पानी भर जाने से लोकल ट्रेनों का आवागमन कल्याण के आगे सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया। मध्य रेल के सूत्रों के अनुसार लंबी दूरी की कुछ ट्रेनों का आवागमन भी रोकना पड़ा है। हवाई पट्टी पर पानी भर जाने से कई विमान सेवाएं आधे घंटे से पौने घंटे तक देर से चल रही हैं। यातायात बाधित होने के कारण लोगों को कार्यालय पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अंधेरी क्षेत्र में पश्चिम एक्सप्रेस हाइवे पर यातायात जाम के कारण लोगों को विमानतल पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम की जानकारी देनेवाली निजी कंपनी स्काईमेट के अनुसार मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटे में भारी बरसात हो सकती है। मुंबई से सटे पालघर में पहाड़ी नदियां उफनाती देखी गईं।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को नागपुर में हुई भारी बरसात के कारण विधानमंडल के वर्षाकालीन सत्र की कार्यवाही डेढ़ घंटे के लिए रोकनी पड़ी थी। एक दिन पहले नागपुर में शुरू हुई बरसात दौर वहां भी अभी जारी है। शुक्रवार को वहां 266 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। परंपरागत रूप से महाराष्ट्र विधानमंडल का शीतकालीन सत्र नागपुर में होता आया है। लेकिन इस बार महाराष्ट्र सरकार ने शीतकालीन सत्र मुंबई में और वर्षाकालीन सत्र नागपुर में करने का निर्णय किया। और यह निर्णय उसके लिए सिर मुंड़ाते ही ओले पड़ने जैसा हो गया। शुक्रवार और शनिवार को विधानभवन में पानी भरने के कारण सरकार को चौतरफा आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। नागपुर शहर ने भी बरसात का ऐसा मंजर लंबे समय बाद देखा है। लोगों के घरों में पानी घुसने के बाद सड़कों पर रबड़ की नौकाएं चलानी पड़ीं। नागपुर सहित संपूर्ण विदर्भ में बरसात जारी है।

chat bot
आपका साथी