Madhya Pradesh: गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश भाजपा ने भेजे अनुभवी कार्यकर्ता

Madhya Pradesh गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश भाजपा ने 92 अनुभवी कार्यकर्ताओं को भेजा है। समन्वय की जिम्मेदारी मप्र भाजपा उपाध्यक्ष जीतू जिराती और पूर्व संगठन मंत्री श्याम महाजन को सौंपी गई है। कार्यकर्ताओं में पूर्व जिलाध्यक्ष पूर्व पदाधिकारी पूर्व संगठन मंत्री शामिल हैं।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sat, 10 Sep 2022 07:59 PM (IST) Updated:Sat, 10 Sep 2022 07:59 PM (IST)
Madhya Pradesh: गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश भाजपा ने भेजे अनुभवी कार्यकर्ता
गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश भाजपा ने भेजे अनुभवी कार्यकर्ता। फाइल फोटो

भोपाल, धनंजय प्रताप सिंह। Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश भाजपा (MP BJP) ने 92 अनुभवी कार्यकर्ताओं को भेजा है। समन्वय की जिम्मेदारी मप्र भाजपा उपाध्यक्ष जीतू जिराती और पूर्व संगठन मंत्री श्याम महाजन को सौंपी गई है। कार्यकर्ताओं में पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व पदाधिकारी, पूर्व संगठन मंत्री शामिल हैं। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मालवांचल से गुजरात की सीमाएं जुड़ी हुई हैं। आदिवासी क्षेत्र में दोनों राज्यों में रोटी-बेटी के संबंध वाले लोगों की संख्या बहुत है। यही वजह है कि पार्टी ने मप्र के नेताओं को गुजरात के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किया है।

गुजरात को चार जोन में बांटा

गुजरात (Gujarat) को भाजपा ने चुनावी तैयारी के हिसाब से चार अलग-अलग जोन में बांटा है। इनमें दक्षिण गुजरात, उत्तर गुजरात, मध्य गुजरात और सौराष्ट्र के विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। मध्य प्रदेश के कार्यकर्ताओं को सौराष्ट्र का प्रभार सौंपा गया है। सौराष्ट्र में मप्र से दो प्रभारी बनाए गए हैं। एक जीतू जिराती हैं, जिन्हें चुनाव लड़ने से लेकर प्रबंधन का बेहतर अनुभव है। वहीं, पूर्व संगठन मंत्री श्याम महाजन को संगठन का काम सौंपा है। इनके साथ सातों जिलों में दो-दो प्रभारी बनाए गए हैं और हर विधानसभा क्षेत्र के लिए भी दो-दो कार्यकर्ताओं को तैनात किया है। गुजरात के संगठन महामंत्री रत्नाकर के साथ इनकी एक बैठक हो गई है।

मप्र के नेताओं को मिला सौराष्ट्र जोन का प्रभार

मप्र के झाबुआ और आलीराजपुर से गुजरात के सात जिले दाहौद खेड़ा, महिसागर, पंचमहल, बढ़ौदा ग्रामीण, बढ़ौदा नगर और आणंद जिले लगे हुए हैं। इन क्षेत्रों में मध्य प्रदेश से ऐसे कार्यकर्ता भेजे हैं, जिनका वहां कहीं प्रभाव या अच्छा संपर्क है। फिलहाल, यह कार्यकर्ता वहां संगठनात्मक कार्यो में मदद के साथ चुनावी जमावट को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। गुजरात के लिए यह प्रारंभिक तैनाती है, इसके बाद वरिष्ठ नेताओं को भी भेजा जाएगा। पार्टी इस बार गुजरात के दामाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी वहां के चुनाव प्रचार में लगा सकती है।

अनुभवी कार्यकर्ताओं को भेजती है पार्टी

दरअसल, भाजपा विधानसभा चुनाव में विभिन्न राज्यों से उन कार्यकर्ताओं को पहले ही बुला लेती है, जिन्हें कई राज्यों में चुनाव के दौरान सांगठनिक कार्यो का लंबा अनुभव हो। इन जमीनी कार्यकर्ताओं को विधानसभा क्षेत्र की सामाजिक, आर्थिक और भौगोलिक स्थिति के अनुसार रणनीति बनाने में महारत होती है। जानकारों का कहना है कि गुजरात में इस बार आम आदमी पार्टी सहित बिखरा हुआ कुछ विपक्ष भाजपा के खिलाफ अंदरूनी तौर पर एकजुट है। ऐसे में संगठन की तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ी जा सकती।

स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ सहयोगी की भूमिका निभाएंगे

मप्र भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती ने कहा कि मप्र के कार्यकर्ता गुजरात में अपने-अपने प्रभार के विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच गए हैं। वहां पांच बूथों पर एक शक्ति केंद्र बनाए गए हैं। सभी जगह बैठक भी हो गई है। प्रवासी कार्यकर्ता स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ सहयोगी की भूमिका निभाएंगे।

chat bot
आपका साथी