दिल्ली के आसपास की इन जगहों पर कर सकते हैं एक दिन का रोड ट्रिप प्लान

सुहाने मौसम में बाइक ड्राइविंग का कर रहा है दिल तो वीकेंड में बना सकते हैं एक-दो दिन का रोड ट्रिप। दिल्ली में और उसके आसपास ऐसी बहुत सारी जगहें हैं जहां जाकर वीकेंड कर सकते हैं एन्जॉय।

By Priyanka SinghEdited By: Publish:Fri, 22 Feb 2019 04:07 PM (IST) Updated:Fri, 22 Feb 2019 04:07 PM (IST)
दिल्ली के आसपास की इन जगहों पर कर सकते हैं एक दिन का रोड ट्रिप प्लान
दिल्ली के आसपास की इन जगहों पर कर सकते हैं एक दिन का रोड ट्रिप प्लान

5 से 6 दिनों का रोड ट्रिप हर किसी के लिए पॉसिबल नहीं होता खासतौर से अगर आप वर्किंग है तो। ऐसे में ड्राइविंग का शौक होने के बावजूद भी रोड ट्रिप की प्लानिंग नहीं कर पाते। लेकिन ऐसा जरूरी तो नहीं कि रोड ट्रिप का मतलब एक हफ्ते की छुट्टी लेकर किसी ऑफबीट डेस्टिनेशन पर ही जाना होता है। आसपास की खूबसूरत जगहें जाकर भी आप वहां के नज़ारों और दूसरी चीज़ों का लुत्फ उठा सकते हैं। तो आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ जगहों के बारे में जहां जाने के लिए एक दिन का समय है काफी।
आगरा आकर बनें ताज महोत्सव का हिस्सा
इन दिनों आगरा नगरी में चल रहा है ताज महोत्सव। देश-विदेश से आए सैलानियों की खचाखच भीड़ में यहां की रौनक देखने के लिए उमड़ती है। तो अगर आप एक दिन का रोड ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो आगरा बेस्ट रहेगा। यमुना नदी के किनारे बसा आगरा शहर इतिहास में महाभारत काल से जुड़ा है। और इसे खास बनाता है ताजमहल, जो दुनिया के सात अजूबों में शामि‍ल है। आगरा जाने के लिए दिल्ली से ताज एक्‍सप्रेस हाईवे, यमुना हाईवे का रास्ता काफी छोटा और अच्छा है। रास्ते में अलग-अलग तरह के ढाबे भी मिलते हैं जहां रूककर आप पारंपरिक खानपान का जायका ले सकते हैं। आगरा के आस-पास घूमने के लि‍ए फतेहपुर सीकरी, आगरा किला, जामा मस्‍ज‍िद जैसी कई खूबसूरत जगहे हैं। 

श्रीकृष्ण के पावन नगरी वृंदावन की सैर 
वृंदावन भगवान कृष्ण का धाम माना जाता है। जो हिंदुओं के लिए पवित्र है। यहां साल भर तीर्थयात्रियों का आना जाना लगा रहता है। एक दिन काफी है यहां के मंदिर, वन और दूसरी जगहें घूमने के लिए। फरीदाबाद से मथुरा तक की रोड काफी अच्‍छी है। इसके अलावा आप नोएडा-एक्सप्रेस वे से भी वृंदावन का सफर तय कर सकते हैं। यहां कृष्ण बलराम, इस्कान मन्दिर, रंगनाथ जी का मंदिर, प्रेम मंदिर, श्री कृष्ण प्रणामी मन्दिर जैसी कई जगहें देखने लायक हैं।  

प्राकृतिक खूबसूरती से भरा मोरनी हिल्स 
मोरनी हिल्स हरियाणा के पंचकूला जिले में स्थित है। इसके किनारे पर दो बड़ी खूबसूरत सी झीले हैं। जो रहस्यमयी तरीके से जुड़कर भी अलग दिखाई देती हैं। हिल्‍स के बीच में आने से ये दोनों अलग-अलग दिखती हैं जबकि दोनों का जल स्तर हमेशा एक ही रहता है। शिवालिक रेंज के निचले इलाकों में स्थित झीलों को घूमने का एक अलग ही मजा है। यहां खूबसूरत प्राकृतिक नजारा देखने, ट्रेकिंग करने और चट्टान पर चढ़ने के एक नहीं कई अवसर मिलते हैं। 

अलग-अलग जायकों का स्वाद लें मूर्थल आकर 
दिल्ली से एक दिन के रोड ट्रिप का प्‍लान कर रहे हैं तो मूर्थल भी काफी अच्छी जगह है खासतौर से खानेपीने के शौकीनों के लिए। मूर्थल NH 1 की चौड़ी सड़कों पर टोल टैक्स स्टॉप के साथ आसान और मजेदार ड्राइव की जा सकती है। सड़कों की हालत काफी अच्‍छी हैं। गड्ढे रहित सड़कों पर स्‍मूथ ड्राइविंग का अपना अलग ही मजा होता हैं। सड़कों के किनारे ढाबे के इतने सारे ऑप्शन मौजूद हैं जो आपको बेस्ट चुनने में कनफ्यूज़ कर सकते हैं। पराठे, लस्सी, लच्छा पराठा जैसी चीज़ों की डिमांड सबसे ज्यादा होती है।

वाइल्डलाइफ का लें मज़ा सरिस्का नेशनल पार्क आकर 
अलवर में सरिस्‍का नेशनल पार्क भी एक दिन के रोड ट्रि‍प के लिए है परफेक्ट डेस्टिनेशन। अलवर मत्स्य प्रदेशों का गठन करने वाले सबसे पुराने शहरों में से एक है। यहां पर राजमहल देखे जा सकते हैं। अलवर के समीप सरिस्का टाइगर रिजर्व और राष्ट्रीय उद्यान है। दिल्‍ली से जाने में जयपुर हाइवे की छह लेन सड़कों से धरौहरा तक और भिवाड़ी से अलवर का रास्‍ता फोर लेन है। इस रास्‍ते के जरिए तियाजारा जैन मंदिर की भी यात्रा की जा सकती है। 

 

chat bot
आपका साथी