दिल्ली चिड़ियाघर की तर्ज पर ओखला पक्षी विहार

पक्षी विहार में बनेगा इंटप्रेटेशन सेंटर व थिएटर, सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बनेगा, वन विभाग ने की तैयारी...

By Srishti VermaEdited By: Publish:Mon, 17 Apr 2017 01:53 PM (IST) Updated:Mon, 17 Apr 2017 02:15 PM (IST)
दिल्ली चिड़ियाघर की तर्ज पर ओखला पक्षी विहार
दिल्ली चिड़ियाघर की तर्ज पर ओखला पक्षी विहार

ओखला पक्षी विहार को दिल्ली के चिड़िया घर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। सैलानियों की सुविधा के लिए एक इंटरप्रेटेशन सेंटर और थिएटर की स्थापना होगी। इसके लिए वन विभाग ने पक्षी विहार के अंदर जगह चिह्नित कर ली है। पक्षियों के बारे में दी जाएगी

विस्तार से जानकारी : इंटरप्रेटेशन सेंटर में सैलानियों को पोस्टर और डिजिटल प्रजेंटेशन के माध्यम से भारतीय और प्रवासी पक्षियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। मसलन किस पक्षी का मूल निवास (हैबीटेट) कहां है, उसकी विशेषता क्या है, प्रजनन काल कब होता है, आदि। इंटरप्रेटेशन सेंटर के नजदीक एक थिएटर भी बनाया जाएगा। इसमें सैलानियों को पक्षियों पर आधारित फिल्में दिखाई जाएंगी। वन विभाग के अधिकारियों का
कहना है कि पक्षी विहार के कायाकल्प के लिए नोएडा प्राधिकरण को एक प्रोजेक्ट सौंपा गया है। प्रोजेक्ट की मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू हो जाएगा।

थीम आधारित गेट बनेंगे: ओखला पक्षी विहार के दोनों गेट भी थीम आधारित होंगे। गेट को पक्षियों की आकृति जैसा तैयार किया जाएगा, ताकि वह सैलानियों को दूर से ही आकर्षित कर सके। पक्षी विहार में एक और प्रवेश द्वार बनाने की तैयारी है। यह भी थीम आधारित होगा। इसके अलावा एक विजिटर सेंटर भी बनाया जाएगा।

टिकट काउंटर और रिसेप्शन भी बनेगा : पक्षी विहार के दोनों गेट पर टिकट काउंटर और रिसेप्शन भी बनाया जाएगा। रिसेप्शन पर सैलानी पक्षी विहार के बारे में तमाम जानकारी ले सकेंगे। इसके अलावा हर गेट पर टॉयलेट और गार्ड हट भी बनाने की तैयारी है।

कंट्रोल रूम से रखी जाएगी निगाह : पक्षी विहार में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे और इसकी निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। कंट्रोल रूम से चप्पे- चप्पे पर निगाह रखी जाएगी। अलग से
प्रशासनिक भवन भी बनाया जाएगा।

पक्षी विहार को दिल्ली चिड़िया घर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यहां इंटप्रेटेशन सेंटर और थिएटर समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
-एच. वी. गिरीश, जिला वन अधिकारी (डीएफओ), गौतमबुद्ध नगर

यह भी पढ़ें : दिल्ली के दिल में गोवा की धड़कनें

chat bot
आपका साथी