'ईयर ऑफ द पिग' के साथ 5 फरवरी से हो रही है चाइनीज़ न्यू ईयर की शुरुआत

चाइनीज़ न्यू ईयर की शुरुआत 5 फरवरी से हो रही है और चीनी राशि चक्र के अनुसार, 2019 ईयर ऑफ द पिग है।

By Priyanka SinghEdited By: Publish:Thu, 31 Jan 2019 04:50 PM (IST) Updated:Thu, 31 Jan 2019 04:50 PM (IST)
'ईयर ऑफ द पिग' के साथ 5 फरवरी से हो रही है चाइनीज़ न्यू ईयर की शुरुआत
'ईयर ऑफ द पिग' के साथ 5 फरवरी से हो रही है चाइनीज़ न्यू ईयर की शुरुआत

चीन में 5 फरवरी से शुरू होने वाला है 'लूनर न्यू ईयर'। चीन के नए साल को वसंत उत्सव के नाम से भी जाना जाता है जो करीब एक माह तक चलता है। चीनी नए साल की शुरुआत चांद पर आधारित कैलेंडर के पहले महीने की पहली तारीख से होती है। 15 दिनों तक चलने वाले इस नए साल का समापन लालटेन उत्सव के साथ होता है।

दरअसल, चीनी राशि चक्र के अनुसार हर साल एक जानवर से संबंधित होता है। प्रत्येक 12 साल में यह चक्र दोहराया जाता है। हर साल नए साल की तारीख अलग-अलग होती है। चीनी राशि चक्र के अनुसार, 2019 'ईयर ऑफ द पिग' है। पिछले साल इसे डॉग वर्ष के रूप में मनाया गया था। अब इसके 12 सालों बाद यानी 2030 में डॉग वर्ष मनाया जाएगा। चीनी एस्ट्रोलॉजी के अनुसार हर किसी के जन्म के वर्ष का प्रतिनिधित्व एक पशु करता है जो आपकी पर्सनैलिटी और लाइफ के बारे में काफी कुछ कहता है। इसी आधार पर चीन में 12 वर्षो को अलग-अलग पशुओं के संकेतों के रूप में मनाया जाता है। चूहा, बैल, बाघ, खरगोश, ड्रैगन, सांप, घो़ड़ा, बकरी, बंदर, मुर्गा, कुत्ता और सूअर। ये 12 पशु इसके लिए निर्धारित किए गए हैं। जानवरों को दो भागों में बांटा गया है यिन और यांग। उनके पंजे या पैर की उंगलियां ऑड हैं या ईवन, इसके आधार पर उन्हें किस वर्ग में रखा जाए ये तय किया जाता है।

चीनी राशि चक्र की अनोखी कहानी

कहा जाता है कि पुराने समय में जेड सम्राट के आदेश दिया कि जानवर कैलेंडर का हिस्सा बनेंगे और चयन के लिए सभी को 12 बजे से पहले आना होगा। और तब चूहे और बिल्ली अच्छे दोस्त हुआ करते थे। जब उन्होंने यह खबर सुनी तो उन्होंने इसमें जल्दी जाने का तय किया। बिल्ली ने कहा कि मैं देर से उठती हूं तो तुम सुबह मुझे जगा देना। चूहे ने भी इसके लिए हामी भर दी लेकिन सुबह वो बिल्ली को उठाना भूलकर अकेले ही चला गया। रास्ते में घोडा, बैल, खरगोश और भी दूसरे जानवर मिले जो चूहे से बहुत तेज भाग रहे थे। चूहे ने चालाकी दिखाते हुए बैल की पीठ पर बैठने का प्लान किया इस शर्त के साथ कि वो रास्ते में गाना सुनाएगा। दोनों पहले पहुंचे लेकिन चूहे ने पहले कूदकर बाजी मार ली और पहला भाग्यशाली जानवर बन गया। और बिल्ली तब से चूहे की दुश्मन बन गई क्योंकि उसके पहुंचने तक चयन खत्म हो चुका था।

चीनी नए साल में खास होता है चीनी ओपेरा। लेकिन इसके अलावा भी कई तरह के दूसरे कार्यक्रमों का आयोजन इस मौके पर होता है। ये दुनिया के सबसे रंग-बिरंगे फेस्टिवल्स में से एक है। जिसे सिर्फ चीन में ही नहीं दुनिया के अलग-अलग जगहों पर रह रहे चीनी लोग भी धूमधाम से मनाते हैं।

chat bot
आपका साथी