चाईबासा नगर परिषद बोर्ड की बैठक का पार्षदों ने किया बहिष्कार

चाईबासा शहर के मंगलाहाट में चापाकल किसने लगाया है? इस सवाल और जवाब के चक्कर में गुरुवार को नगर परिषद बोर्ड की बैठक स्थगित हो गई। वार्ड नंबर 5 के पार्षद विप्लव सिंह ने बैठक शुरू होते ही चापाकल का सवाल उठाया और कार्यपालक पदाधिकारी अभय कुमार झा ने जो जवाब दिया उससे नाराज होकर वार्ड पार्षद बाहर निकल गए।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 31 Dec 2020 09:20 PM (IST) Updated:Thu, 31 Dec 2020 09:20 PM (IST)
चाईबासा नगर परिषद बोर्ड की बैठक का पार्षदों ने किया बहिष्कार
चाईबासा नगर परिषद बोर्ड की बैठक का पार्षदों ने किया बहिष्कार

जागरण संवाददाता, चाईबासा : चाईबासा शहर के मंगलाहाट में चापाकल किसने लगाया है? इस सवाल और जवाब के चक्कर में गुरुवार को नगर परिषद बोर्ड की बैठक स्थगित हो गई। वार्ड नंबर 5 के पार्षद विप्लव सिंह ने बैठक शुरू होते ही चापाकल का सवाल उठाया और कार्यपालक पदाधिकारी अभय कुमार झा ने जो जवाब दिया, उससे नाराज होकर वार्ड पार्षद बाहर निकल गए। इसके बाद देखते ही देखते सभी वार्ड पार्षद बैठक से बाहर निकल गए। सभी वार्ड पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और कार्यपालक पदाधिकारी अभय कुमार झा पर संतोषजनक जवाब नहीं देने का आरोप लगाया। वार्ड पार्षद विप्लव सिंह ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में मंगलाहाट में चापाकल लगाया गया है। वह किसने लगाया है इसके बारे में जानकारी मांगी गई थी। खानापूर्ति के लिए जांच कराई गई और संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया गया। कार्यपालक पदाधिकारी अभय झा का जवाब देने का तरीका सही नहीं रहा। इसलिए हमने बोर्ड की बैठक का बहिष्कार कर दिया। वार्ड पार्षद विप्लव सिंह के बैठक से बाहर निकल जाने के बाद एक-एक कर सभी वार्ड पार्षद बाहर निकल गए। उनका कहना है कि कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा जिस तरीके से जवाब दिया गया है वह लहजा ठीक नहीं है। आज एक पार्षद के साथ ऐसा हुआ है कल किसी और के साथ होगा। इसीलिए हम सभी ने बोर्ड की बैठक का बहिष्कार कर दिया है। इस सारे विवाद के बारे में जब कार्यपालक पदाधिकारी अभय कुमार झा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ साल पहले मंगलाहाट में चापाकल लगाया गया है। हमारी टीम जांच कर चुकी है। हमने भी देखा है। लेकिन अभी तक पता नहीं चल सका है कि चापाकल किसके द्वारा लगाया गया है। क्योंकि चापाकल चालू हालत में है और लोगों को उससे पानी मिल रहा है, इसलिए उसे किसने लगाया है, इसको लेकर ज्यादा परेशानी नहीं होनी चाहिए। वार्ड पार्षदों की ओर से बैठक का बहिष्कार करने से एक भी बिदु पर आगे बात नहीं हुई और ना ही विकास योजनाओं पर चर्चा की गई। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष सह उपाध्यक्ष डोमा मिज के अलावा नगर परिषद कर्मी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी