Jharkhand Crime News: कर्ज के पैसे मांगने पर चला दी गोली, 30 वर्षीय शख्स की बेरहमी से हत्या

पूनम देवी रोते हुए कह रही थी कि पति पांडव मंडल ने घर पर परिवार के साथ होली मनाई। सबके साथ पकवान भी खाया। दोपहर करीब एक बजे मित्र के साथ होली मनाने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। तब उन्हें यह नहीं पता था कि जिस मित्र के साथ होली की पार्टी मनाने जा रहे हैं वही उनके पति को गोली मारकर हत्या कर देगा।

By Pranesh Kumar Edited By: Rajat Mourya Publish:Tue, 26 Mar 2024 08:52 PM (IST) Updated:Tue, 26 Mar 2024 08:52 PM (IST)
Jharkhand Crime News: कर्ज के पैसे मांगने पर चला दी गोली, 30 वर्षीय शख्स की बेरहमी से हत्या
कर्ज के पैसे मांगने पर चला दी गोली, 30 वर्षीय शख्स की बेरहमी से हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

संवाद सहयोगी, तालझारी (साहिबगंज)। राजमहल थाना क्षेत्र के मंगलहाट मलाहीटोला निवासी 30 वर्षीय पांडव मंडल की हत्या उसके ही मित्र सुबेश मंडल ने कर्ज के रूप में दी गई राशि वापस मांगने पर गोली मारकर कर दी। पुलिस ने सुबेश मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल, पिस्टल का मैगजीन, तीन गोली, सफेद मारूति सेलेरियो कार बरामद की है। यह जानकारी राजमहल के एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने दी। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम 5:30 बजे सूचना मिली कि मलाहीटोला निवासी दाताराम मंडल के छोटे बेटे पांडव मंडल की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।

टीम में पुलिस इंस्पेक्टर श्यामलाल हांसदा, थाना प्रभारी गुलाम सरवर, पुअनि पंकज कुमार दुबे, बिट्टू कुमार साह, नितेश कुमार पांडेय, ददन कुमार साह शामिल थे। छानबीन में खुलासा हुआ कि पांडव मंडल ने सुबेश मंडल के पाल्ट्री फार्म के नाम पर बैंक से ऋण लिया था। उसमें से सुबेश मंडल ने 40 हजार रुपया कर्ज के रूप में लिया था। उक्त रुपये की मांग पांडव मंडल अपने मित्र सुबेश मंडल से बीच-बीच में करते रहता था।

होली के मौके पर सुबेश मंडल व पांडव मंडल पार्टी करने के लिए मारुति सुजुकी सेलेरियो में बैठकर गया था। पार्टी करने के बाद दोनों मित्र कार में बैठ कर गाना सुन रहे थे। कार में ही रुपये के लेन देन को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान सुबेश मंडल ने देसी पिस्टल से पांडव मंडल की कनपटी में गोली मार दी। गोली लगते ही पांडव मंडल की मौत हो गई।

इसके बाद सुबेश मंडल पांडव मंडल के घर के समीप कार लगा कर भाग गया। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर घटना के 24 घंटे के अंदर आरोपित सुबेश मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा जा रहा है।

पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद मृतक पांडव मंडल की पत्नी पूनम देवी की रो-रोकर बुरा हाल है। पूनम देवी रोते हुए कह रही थी कि पति पांडव मंडल ने घर पर परिवार के साथ होली मनाई। सबके साथ पकवान भी खाया। दोपहर करीब एक बजे मित्र के साथ होली मनाने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। तब उन्हें यह नहीं पता था कि जिस मित्र के साथ होली की पार्टी मनाने जा रहे हैं वही उनके पति को गोली मारकर हत्या कर देगा। वे अपने मित्र सुबेश मंडल के साथ उनकी कार में बैठ कर होली की पार्टी करने चले गए। शाम करीब 5:30 बजे घर के पास उसी कार में पति का खून से लथपथ शव पहुंचा दिया गया था।

आनन फानन में इलाज के लिए राजमहल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूनम देवी अपने दो छोटे पुत्रों की ओर देख कहती है कि अब इसका लालन पालन कौन करेगा। पति के बगैर वे कैसे अपनी जीवन व्यतीत करेगी। पुत्र के सिर से पिता का साया उनके ही मित्र ने हटा दिया। उनका पति ने सुबेश मंडल का क्या बिगाड़ा जिस कारण उनकी हत्या कर दी गई है।

उन्होंने तो मित्र का फर्ज निभाया और कर्ज के रूप में सुबेश मंडल को 40 हजार रुपये दिए। कर्ज के रूप में दिया गया रुपया मांगने पर उनके पति को जान से मार दिया गया है यह कैसा मित्र है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे धोखेबाज मित्र को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रही थी।

chat bot
आपका साथी