Top Ranchi News of the Day, 23rd October 2019, भगवा रंग में विपक्ष, संदिग्धों पर नजर, रणधीर सिंह, कॉलेज प्रशासन पर आरोप, छात्र की मौत

Top Ranchi News of the Day 23rd October 2019. पढ़ें बुधवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 23 Oct 2019 05:46 PM (IST) Updated:Wed, 23 Oct 2019 05:46 PM (IST)
Top Ranchi News of the Day, 23rd October 2019, भगवा रंग में विपक्ष, संदिग्धों पर नजर, रणधीर सिंह, कॉलेज प्रशासन पर आरोप, छात्र की मौत
Top Ranchi News of the Day, 23rd October 2019, भगवा रंग में विपक्ष, संदिग्धों पर नजर, रणधीर सिंह, कॉलेज प्रशासन पर आरोप, छात्र की मौत

रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 23rd October 2019 - बुधवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। विपक्षी दलों के पांच विधायक बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। त्योहार के दौरान शहर में संदिग्धों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। रणधीर सिंह के मामले में बुधवार को हाई कोर्ट में बेसरा की गवाही नहीं हो सकी। विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन पर पिकनिक के नाम पर रैली में ले जाने का आरोप लगाया। ब्रेन हैमरेज से एक छात्र की मौत हो गई। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।

भगवा रंग में रंगा विपक्ष, 5 विधायक भाजपा में शामिल

विधानसभा चुनाव की आधिकारिक घोषणा के ठीक पहले भाजपा ने राज्य के विपक्षी दलों को जोरदार झटका दिया है। विपक्षी दलों के पांच विधायक बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा में शामिल हो गए। इन्हें सदस्यता दिलाने के लिए भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में सुबह 11 बजे समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास, नंद किशोर यादव, लक्ष्मण गिलुवा के साथ तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे। भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में बहरागोड़ा से झामुमो के विधायक कुणाल षाडंगी, मांडू के विधायक जयप्रकाश भाई पटेल (झामुमो से निष्कासित), लोहरदगा के कांग्रेस विधायक सुखदेव भगत, बरही के कांग्रेस विधायक मनोज कुमार यादव और भवनाथपुर से नवजवान संघर्ष मोर्चा के विधायक भानु प्रताप शाही शामिल हैं।

रांची एसएसपी बोले- त्योहार में संदिग्धों पर रहेगी पैनी नजर

हाल के दिनों मेें राजधानी रांची में बढ़ी साइबर क्राइम और लूट व गोली कांड की घटनाओं से आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है। पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती बढ़ गई है। सुरक्षा और इसको लेकर पुलिस के स्तर से हो रही कार्रवाई को लेकर रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनीश गुप्ता ने दैनिक जागरण के कार्यक्रम प्रश्न प्रहर में बुधवार को पाठकों के सवालों के जवाब दिए। एसएसपी अनीश गुप्ता ने कहा कि अभी त्योहार का समय है। इसे लेकर पुलिस ने शहर की सुरक्षा के लिए योजना बनाई है। शहर के मार्केटिंग कांप्लेक्स और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस तैनात रहेगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी। अनीश गुप्ता ने आम लोगों से भी अपील की है कि इस दौरान कहीं भी किसी तरह की संदिग्ध वस्तु या असामाजिक तत्व नजर आए तो इसकी सूचना 8987790674 पर पुलिस को दें।

मंत्री रणधीर सिंह के मामले में नहीं हुई बेसरा की गवाही

झारखंड हाई कोर्ट में मंत्री रणधीर सिंह के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर बुधवार को सुनवाई हुई। इस दौरान प्रार्थी सिबेश्वर बेसरा की गवाही नहीं होने पर अदालत ने कड़ी नाराजगी जताई। कोर्ट ने बेसरा के खिलाफ समन जारी करने का आदेश दिया। अब इस मामले में 20 जनवरी 2020 को अगली सुनवाई होगी। इस मामले में नौ माह से बेसरा की गवाही नहीं हो सकी है।

छात्रों का आरोप, पिकनिक के बदले राजद की रैली में ले गया कॉलेज प्रशासन

रामलखन सिंह महाविद्यालय के छात्रों ने बुधवार को कॉलेज प्रशासन के खिलाफ गेट पर प्रदर्शन किया। छात्र अपने साथ तख्तियां लेकर प्रशासन के खिलाफ नारे लगा रहे थे। छात्रों का आरोप था कि कॉलेज प्रशासन राष्ट्रीय जनता दल की दलाली कर रहा है। छात्रों का यह भी कहना है कि उन्हें छल से 19 अक्टूबर को हुई राजद की रैली में ले जाया गया। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाया कि उन्हें पिकनिक के नाम पर जबरदस्ती आरजेडी की रैली में शामिल किया गया। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में अनाधिकृत रूप से चल रहे साइबर कैफे चलाया जा रहा है।

बाथरूम में छात्र का पैर फिसला, ब्रेन हैमरेज से मौत

राजधानी में एक स्नातक के छात्र की मौत ब्रेन हैमरेज से हो गई। बाथरूम में दरवाजे की कुंडी लगाने के दौरान वह फिसल कर गिर पड़ा था। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे इलाज के लिए सेवा सदन ले गए। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र का नाम चतरा सदर प्रखंड के गंधरीया पंचायत के अमडीहा गांव निवासी सुनील मिश्रा के 20 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार मिश्रा उर्फ शक्ति है। वह माता-पिता के साथ रांची में रह कर स्नातक की पढ़ाई करता था।

chat bot
आपका साथी