जानिए झारखंड की इन तीन महिला किसानों के बारे में, बन रहीं टीवी रियलिटी शो का हिस्सा

Reality Show. झारखंड के रामगढ़ से रीता देवी, गोड्डा से पानवती देवी एवं गढ़वा जिला से शोभा तिवारी का चयन रियलिटी शो के लिए किया गया है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Wed, 02 Jan 2019 02:33 PM (IST) Updated:Wed, 02 Jan 2019 02:33 PM (IST)
जानिए झारखंड की इन तीन महिला किसानों के बारे में, बन रहीं टीवी रियलिटी शो का हिस्सा
जानिए झारखंड की इन तीन महिला किसानों के बारे में, बन रहीं टीवी रियलिटी शो का हिस्सा

रांची, राज्य ब्यूरो। राष्ट्रीय फलक पर झारखंड की रानी मिस्त्री को पहचान मिलने के बाद अब बारी प्रदेश के महिला किसानों की है। अपनी उपलब्धियों के माध्यम से इन्हें देशभर में सराहा जा रहा है। ऐसे हीं महिला किसानों में हैं रामगढ़ की रीता देवी, गोड्डा की पानवती देवी और गढ़वा जिले की शोभा तिवारी। इन्हें दूरदर्शन की रियलिटी शो में भाग लेने के लिए देशभर की महिला किसानों में से चयनित किया गया है।

इन महिला किसानों ने लंबी दूरी तय कर दिल्ली में आयोजित रियलिटी शो में हिस्सा लिया। दूरदर्शन के एक अधिकारी ने बताया कि भारत का लोक सेवा प्रसारक अपने प्रारंभिक काल से ही प्रयोगात्मक कार्यों को दर्शकों के सामने लाने का प्रयास करता रहा है। इसी क्रम में दूरदर्शन किसान चैनल सफल महिला किसानों को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने का प्रयास कर रहा है।

देश के कोने-कोने से किसान चैनल द्वारा सैकड़ों महिला किसानों के साथ एक रियलिटी शो का आयोजन किया गया। इसमें झारखंड से तीन सफल महिला किसानों का चयन हुआ। तीनों ने अपने -अपने क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य किया है। डीडी किसान के स्टूडियो में इन सफल महिला किसानों एवं कृषि विशेषज्ञ व सम्मानित अतिथियों के साथ कार्यक्रम की रिकार्डिंग की गई।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने इनके कृषि कौशल को परखा एवं सराहा। साथ ही यह भी जाना कि किस तरह से इन्होंने विषम परिस्थिति में भी अपने लिए मार्ग प्रशस्त किया है। कार्यक्रम निर्माण का उद्देश्य महिला किसानों  के द्वारा कृषि विकास के लिए किए गए कार्यों को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करना है। सफल महिला किसान पर आधारित इस कार्यक्रम का प्रसारण दूरदर्शन के डीडी किसान चैनल पर सोमवार से शुक्रवार रात आठ बजे किया जाता है। इन महिला किसानों ने कृषि के क्षेत्र में नवीन प्रयोगों से पैदावार बढ़ाने में सफलता पाई है। 

chat bot
आपका साथी