डॉक्टरों का क्वारंटाइन नियम बदला, अब ड्यूटी के बाद रिम्‍स के पेइंग वार्ड में रहेंगे Ranchi News

Jharkhand News Update रिम्‍स प्रबंधन ने नियम में बदलाव किया है। अब रिम्स के चिकित्सक होटलों में क्वारंटाइन में नहीं रहेंगे। कोरोना ड्यूटी के बाद अस्पताल के ही पेइंग वार्ड व नए हॉस्टल में रखने की तैयारी है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Mon, 23 Nov 2020 10:18 AM (IST) Updated:Mon, 23 Nov 2020 10:26 AM (IST)
डॉक्टरों का क्वारंटाइन नियम बदला, अब ड्यूटी के बाद रिम्‍स के पेइंग वार्ड में रहेंगे Ranchi News
ड्यूटी के बाद एक सप्ताह का क्वारांटाइन दिया जाता है।

रांची, जासं। रिम्स के डाॅक्टर, नर्स व अन्य कर्मी जो कोविड ड्यूटी करते है, ड्यूटी अवधि समाप्त होने के बाद उन सभी को शहर के विभिन्न होटलों में क्वारंटाइन में भेजा जाता था। यह सेवा अप्रैल माह में ही शुरू हुई थी। लेकिन अब इस पर रोक लगा दी गई है। अब डाॅक्टर, नर्स समेत किसी भी स्टाफ को होटलों में क्वारंटाइन में नहीं भेजा जाएगा। सभी ड्यूटी रोस्टर के अनुसार एक सप्ताह की ड्यूटी पूरी करने के बाद अब पेइंग वार्ड में रहेंगे।

पेइंग वार्ड के अलावा ब्यॉज हाॅस्टल के पीछे एक नया डाॅक्टर्स हाॅस्टल बनाया जा रहा है। इसके एक ब्लॉक को भी क्वारंटाइन सेंटर के रूप में इस्तेमाल में लाया जाएगा। बताते चलें कि रिम्स के विभिन्न वार्ड को कोरोना वार्ड के रूप में विकसित किया गया था। लेकिन अब मरीजों की संख्या कम होने के कारण सिर्फ ट्रामा सेंटर में ही मरीज भर्ती हैं। रोस्टर में सभी को एक सप्ताह ड्यूटी के बाद एक सप्ताह का क्वारंटाइन दिया जाता है।

पेइंग वार्ड कोरोना से हटेगा तो आउटसोर्स से किया जाएगा संचालित

रिम्स के पेइंग वार्ड को आउटसोर्स पर संचालित करने को लेकर रिम्स प्रबंधन ने तैयारी शुरू कर दी है। आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से पेइंग वार्ड के संचालन को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही आउटसोर्स एजेंसी के चयन को लेकर टेंडर निकाला जाएगा।

इसके बाद पेइंग वार्ड में रहने वाले मरीजों को टीवी, एसी, गीजर, पंखा, फ्रिज, बिछावन व भोजन की सुविधा उपलब्ध कराने की पूरी जिम्मेवारी आउटसोर्स एजेंसी की होगी। संसाधन खराब होने पर उसके रखरखाव की जिम्मेवारी भी एजेंसी की होगी। पेइंग वार्ड के लिए तय 1000 रुपये के शुल्क में ही मरीजों को यह सुविधा मिलेगी। सब कुछ ठीक रहा तो कोविड वार्ड के रूप में पेइंग वार्ड को उपयोग खत्म होने के बाद नई व्यवस्था बहाल की जाएगी।

chat bot
आपका साथी