अरघा सिस्टम से होगा पहाड़ी बाबा का जलाभिषेक

महाशिवरात्रि की तैयारी को लेकर सोमवार को सदर एसडीओ लोकेश मिश्श्रा ने बैठक की। अरघा से जलाभिषेक किया जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 18 Feb 2020 03:23 AM (IST) Updated:Tue, 18 Feb 2020 06:13 AM (IST)
अरघा सिस्टम से होगा पहाड़ी बाबा का जलाभिषेक
अरघा सिस्टम से होगा पहाड़ी बाबा का जलाभिषेक

जागरण संवाददाता, रांची : महाशिवरात्रि की तैयारी को लेकर सोमवार को सदर एसडीओ लोकेश मंदिर ने पहाड़ी मंदिर परिसर में सदस्यों के साथ बैठक की। तय हुआ कि ज्यादा भीड़ होने की स्थिति में देवघर की तरह भक्तों पर पानी के फव्वारे से राहत दिया जाएगा। ताकि भीड़ व उमस के कारण भक्त बहोश न हो जाएं। इस बार अरघा सिस्टम से जलाभिषेक की व्यवस्था होगी। ऊंची चढ़ाई व भीड़ के कारण कई बार भक्त बेहोश हो जाते थे। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम होंगे। न्यायिक दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। एसडीओ ने शिवरात्रि से पूर्व रंग-रोगन व बैरिकेडिंग दुरुस्त कर लेने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि भीड़ के कारण किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसका हर हाल में ख्याल रखना होगा। बैठक में पहाड़ी मंदिर विकास समिति के कोषाध्यक्ष अभिषेक आनंद, सदस्य आनंद गाड़ोदिया, जय सिंह यादव, मदन लाल पारीक, चंदन कुमार, राजू मिश्रा, नीरज कुमार, तरीत राय, सुबोध कुमार पांडेय, पवन, संदीप, राजेश कुमार साहु, अंकित, संजय कुमार अंबष्ठ आदि उपस्थित थे। अरघा में डाला गया जल सीधे पहाड़ी बाबा पर पहुंचेगा

पहाड़ी मंदिर के कोषाध्यक्ष अभिषेक आनंद ने बताया कि शिवरात्रि के दिन करीब सवा लाख भक्त जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। इस स्थिति में अरघा सिस्टम ही बेहतर उपाय होता है। शिव लिंग के चारों चार अरघा लगाये जाएंगे। अरघा में डाला गया जल व पुष्प सीधे पहाड़ी बाबा तक पहुंचेगा। बुजुर्ग व दिव्यांगों को शीघ्र दर्शन की सुविधा

पहाड़ी मंदिर समिति की ओर से बुजुर्ग और दिव्यांगों के लिए शीघ्र दर्शन की व्यवस्था होगी। ऐसे भक्तों को पहाड़ी मंदिर प्रबंधन की ओर से विशेष पास जारी किया जाएगा। पासधारी भक्त बिना लाइन लगे जलाभिषेक कर सकते हैं। सुरक्षा में तैनात स्वयं सेवक जलाभिषेक में सहयोग करेंगे। वहीं, महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की जाएगी। एक सप्ताह में मार्ग को किया जाएगा समतल

पहाड़ी मंदिर के पिछले मार्ग पर डस्ट गिराया जाएगा। एसडीओ ने एक सप्ताह के अंदर मार्ग को समतल करने का आदेश दिया है। पेयजल व स्वच्छता के लिए नगर निगम को भी सहयोग करने को कहा गया है। साथ ही, जलाभिषेक के लिए भक्तों को निश्शुल्क लोटा उपलब्ध कराया जाएगा। पहाड़ी मंदिर समिति की ओर से एक हजार लोटा की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पर्याप्त रोशनी, एंबुलेंस, यातायात व्यवस्था भी मुकम्मल होगा।

सुरक्षा के होंगे विशेष इंतजाम

शिवरात्रि पर पहाड़ी मंदिर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम होंगे। 32 सीसीटीवी कैमरे से पूरा परिसर पर नजर रखा जाएगा। सीसीटीवी की निगरानी के लिए दो विशेषज्ञ को रखा जाएगा। पुलिस बल के अलावा पहाड़ी मंदिर के 100 सदस्य व्यवस्था में अहले सुबह से ही रहेंगे। दर्जनों महिला स्वयंसेविका भी तैनात रहेंगी। आरएसएस के लोग भी सुरक्षा में मौजूद रहेंगे।

chat bot
आपका साथी