शहीद सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू की मौत की होगी सीबीआइ जांच

साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र में 12 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई अमर शहीद सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू की मौत की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाएगी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 27 Sep 2020 12:11 AM (IST) Updated:Sun, 27 Sep 2020 12:11 AM (IST)
शहीद सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू की मौत की होगी सीबीआइ जांच
शहीद सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू की मौत की होगी सीबीआइ जांच

रांची : साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र में 12 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई अमर शहीद सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू की मौत की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को इससे संबंधित प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी है। अब विभाग इससे आगे प्रक्रिया पूरी करेगा। बताते चलें कि रामेश्वर मुर्मू की मौत के बाद से ही विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों द्वारा इसकी सीबीआइ जांच कराने की मांग की जा रही थी। डीजीपी ने भी इससे संबंधित प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेजा था।

मालूम हो कि रामेश्वर मुर्मू की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में साहिबगंज के बरहेट थाना में 17 जून को प्राथमिकी दर्ज हुई थी। प्राथमिकी भोगनाडीह निवासी सिदो-कान्हू के वंशज कपरो किस्कू के बयान पर दर्ज की गई थी। घटना के बाद से रामेश्वर मुर्मू के स्वजन भी सीबीआइ जांच की मांग पर अड़े थे। इस बाबत स्वजनों ने धरना भी दिया था। प्राथमिकी के अनुसार रामेश्वर मुर्मू 12 जून को महुआ शराब पीने के लिए निकले थे। इस दौरान उन्होंने एक युवती से छेड़खानी कर रहे सद्दाम नामक युवक को रोका था। इसपर दोनों में बहस हो गई थी। इसके बाद सद्दाम ने हत्या की धमकी दी थी। इसके बाद रामेश्वर मुर्मू को शव बरामद हुआ था। स्वजनों का आरोप है कि रामेश्वर को अकेला पाकर सद्दाम ने लाठी से पीटकर उनकी हत्या कर दी।

----------

एसआइटी के अलावा डीआइजी भी कर चुके हैं जांच

पुलिस मुख्यालय के आदेश पर रामेश्वर मुर्मू हत्याकांड की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया गया था। इसके अलावा दुमका के रेंज डीआइजी से भी पूरे मामले की जांच कराई गई थी। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से भी परिजन संतुष्ट नहीं थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रामेश्वर मुर्मू की मौत की वजह अत्यधिक शराब सेवन बताई गई है।

-------------

chat bot
आपका साथी