लोकसभा चुनाव के बाद ही सांसद चुनेंगे नेता : हेमंत

क्षेत्रीय राजनीतिक ताकतों के सहारे राहुल गांधी को बतौर पीएम प्रोजेक्ट की कांग्रेस की मुहिम को झारखंड में लगता हुआ दिख रहा है।

By Edited By: Publish:Mon, 08 Oct 2018 07:55 AM (IST) Updated:Mon, 08 Oct 2018 08:46 AM (IST)
लोकसभा चुनाव के बाद ही सांसद चुनेंगे नेता : हेमंत
लोकसभा चुनाव के बाद ही सांसद चुनेंगे नेता : हेमंत

रांची, जेएनएन। क्षेत्रीय राजनीतिक ताकतों के सहारे राहुल गांधी को बतौर पीएम प्रोजेक्ट की कांग्रेस की मुहिम को झारखंड में झटका लग सकता है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया है कि लोकसभा चुनाव के बाद सांसद अपना नेता चुनेंगे।

यहां विधानसभा सभागार में झामुमो की केंद्रीय समिति की बैठक के बाद जब संवाददाताओं ने उनसे यह पूछा कि यूपीए गठबंधन में होने के नाते वे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर प्रोजेक्ट किए जाने का समर्थन करते हैं, हेमंत सोरेन ने कहा कि यह सवाल ही अलोकतांत्रिक है। आदमी व्यक्ति को वोट नहीं देता है। चुनाव हो जाने दीजिए। सांसद अपना नेता चुन लेंगे।

गौरतलब है कि हाल ही में हेमंत सोरेन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलकर लौटे हैं। वे राज्य में विपक्षी दलों के प्रस्तावित गठबंधन के अगुवा भी हैं। हालांकि हेमंत सोरेन ने यह भी दावा किया कि विपक्षी महागठबंधन एकजुट है। आगामी चुनाव में गठबंधन के तहत विपक्षी दल चुनाव लड़ेंगे। वे जल्द तमाम विपक्षी दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने निर्णय किया है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगा। हेमंत सोरेन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 30 प्रतिशत आदिवासियों की आबादी है।

पार्टी के लिए वहां काफी संभावनाएं हैं। छत्तीसगढ़ राज्य कमेटी ने इस संबंध में केंद्रीय समिति के समक्ष मांग उठाई है। समिति ने झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन को निर्णय लेने के लिए अधिकृत कर दिया है। जल्द ही वरीय नेताओं का एक दल इस बारे में अपनी रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को सौंपेगा।

राज्यपाल से मिलेगा शिष्टमंडल झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति ने राज्य की विधि-व्यवस्था को बदतर करार दिया है। हेमंत सोरेन ने कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सरेआम हत्याएं की जा रही हैं। राजधानी में लगातार घटनाएं हो रही हैं। इसके खिलाफ एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा। निर्मल महतो के हत्यारों की रिहाई का विरोध झारखंड मुक्ति मोर्चा शहीद निर्मल महतो के हत्यारों की रिहाई का तीव्र विरोध करेगा। पार्टी ने राज्य सरकार के निर्णय का विरोध किया है।

हेमंत सोरेन जल्द ही संघर्ष यात्रा का दूसरा चरण आरंभ करेंगे। केंद्रीय समिति ने उनके अभियान की सराहना की। हेमंत सोरेन का अगला पड़ाव गुमला, सिमडेगा और संताल परगना होगा। पूर्व सांसद हुए शामिल ओडिशा के मयूरभंज के पूर्व सांसद लक्ष्मण टुडू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की है। टुडू बीजू जनता दल में थे। केंद्रीय समिति की बैठक में उन्हें पार्टी में शामिल कराया गया। बैठक में पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन, नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन, विधायक चंपई सोरेन, स्टीफन मरांडी, जोबा मांझी, कुणाल षाडंगी, दीपक बिरूआ, शशिभूषण सामाड, बबीता देवी, लोबिन हेम्ब्रम, अमित महतो, मथुरा प्रसाद महतो आदि मौजूद थे। 

chat bot
आपका साथी