झारखंड में एक साल में 1.23 लाख लोग कोरोना से हुए संक्रमित, 1110 ने गंवाई अपनी जान

Jharkhand Coronavirus Update झारखंड में 1.20 लाख लोगों ने कोरोना को मात दी। झारखंड में आज ही के दिन 31 मार्च को कोरोना का पहला मरीज मिला था। रांची के हिंदपीढ़ी में तब्लीगी जमात की मलेशियाई युवती कोरोना संक्रमित पाई गई थी।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 30 Mar 2021 07:55 PM (IST) Updated:Tue, 30 Mar 2021 08:10 PM (IST)
झारखंड में एक साल में 1.23 लाख लोग कोरोना से हुए संक्रमित, 1110 ने गंवाई अपनी जान
Jharkhand Coronavirus Update रांची के हिंदपीढ़ी में तब्लीगी जमात की मलेशियाई युवती कोरोना संक्रमित पाई गई थी।

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Coronavirus Update झारखंड में कोरोना वायरस का संक्रमण मिलने का एक साल पूरा हो गया है। आज ही के दिन 31 मार्च को झारखंड में कोरोना का पहला मरीज मिला था। रांची के हिंदपीढ़ी में पहला मरीज मिलने के बाद यहां लगातार कोरोना का संक्रमण बढ़ता गया। पिछले साल जुलाई माह तक यहां संक्रमण लगातार बढ़ रहा था। अगस्त से यहां संक्रमण में कमी आने लगी। हालांकि पिछले माह से झारखंड में भी अन्य राज्यों की तरह एक बार फिर संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। देश में पिछले साल 30 जनवरी को कोरोना संक्रमण का पहला केस मिलने के 60 दिन बाद झारखंड में 31 मार्च को पहला कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला था।

राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके की दो मस्जिदों से पकड़े गए 17 विदेशी नागरिकों समेत 22 लोगों में शामिल एक 19 वर्षीय मुस्लिम युवती में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद हिंदपीढ़ी में ही लगातार मरीज मिलने लगे थे। बाद में दूसरे राज्यों के प्रवासी मजदूरों व अन्य लोगों के लौटने से झारखंड के सभी जिलों में लगातार संक्रमण बढ़ता गया। राज्य में पहला मरीज मिलने से लेकर अबतक की बात करें तो यहां 1,23,090 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें 1,20,012 लोग कोरोना को हराकर स्वस्थ हो गए। हालांकि अबतक 1,110 लोगों को कोरोना से जान भी गंवानी पड़ी। इनमें से अधिसंख्य वृद्ध थे या फिर अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।

एक मंत्री की मौत, एक का हुआ लंग ट्रांसप्लांट

एक साल के कोरोना संक्रमण में कई मंत्री, सांसद तथा विधायक संक्रमित हुए। इस दौरान राज्य के एक मंत्री की मौत हो गई, वहीं एक मंत्री को अपना लंग ट्रासप्लांट कराना पड़ा। तत्कालीन मंत्री हाजी हुसैन अंसारी की मौत कोरोना के संक्रमण से मुक्त होने के बाद रांची के मेदांता अस्पताल में हो गई। वहीं, मंत्री जगरनाथ महतो की स्थिति बेहद खराब होने के बाद उन्हें एयर एंबुलेंस से चेन्नई भेजा गया। यहां के एमजीएम अस्पताल में उनका लंग ट्रांसप्लांट हुआ। संक्रमित होनेवाले अन्य मंत्रियों में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कृषि एवं पशुपालन मंत्री बादल, वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर शामिल हैं। विधानसभाध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो भी संक्रमित हुए। हालांकि ये सभी कोरोना को हराकर स्वस्थ भी हुए।

रिकवरी रेट व मृत्यु में 18 राज्यों से झारखंड बेहतर

एक साल में कोरोना के खिलाफ लड़ाई की बात करें तो मरीजों के स्वस्थ होने की दर में झारखंड 18 राज्यों से बेहतर स्थिति में है। वहीं, संक्रमण से होनेवाली मौत को कम करने में भी झारखंड इतने राज्यों से आगे है। झारखंड में रिकवरी रेट 97.5 फीसद तथा मृत्यु दर 0.9 फीसद है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह दर क्रमश: 94.30 तथा 1.30 फीसद है। झारखंड मृत्यु दर को एक फीसद से कम रखने में सफल रहा है। रिकवरी रेट तथा मृत्यु दर दोनों में झारखंड राष्ट्रीय औसत से बेहतर स्थिति में है।

फैक्ट फाइल

- 58,55,874 लोगों की अबतक राज्य में कोरोना जांच हो चुकी है।

- 10 लाख की आबादी पर यहां 1,56,561 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है।

- 10 लाख की आबादी पर झारखंड में 3,291 लोग संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि इनमें 97.5 फीसद स्वस्थ हो चुके हैं।

- 100 चिह्नित मरीजों में 1.6 अभी भी संक्रमित हैं।

- 1,968 मरीज अब भी झारखंड में संक्रमित हैं। झारखंड में एक समय यह संख्या घटकर 425 हो गई थी।

रिकवरी व मृत्यु में कौन राज्य कहां खड़ा (आंकड़े प्रतिशत में)

राज्य - रिकवरी रेट - मृत्यु दर

झारखंड 97.5 0.9

महाराष्ट्र 85.7 2.0

केरल 97.4 0.4

कर्नाटक 96.3 1.3

आंध्र प्रदेश 98.5 0.8

तमिलनाडु 97.0 1.4

दिल्ली 97.2 1.7

उत्तर प्रदेश 97.2 1.4

बंगाल 97.4 1.8

छत्तीसगढ़ 92.9 1.2

ओडिशा 98.9 0.6

राजस्थान 96.8 0.8

तेलंगाना 97.9 0.6

गुजरात 94.5 1.5

मध्य प्रदेश 93.4 1.4

हरियाणा 95.7 1.1

बिहार 98.8 0.6

पंजाब 86.8 2.9

असम 98.7 0.5

उत्तराखंड 95.1 1.7

हिमाचल प्रदेश 94.2 1.6

गोवा 96.1 1.4

त्रिपुरा 98.6 1.2

अरुणाचल प्रदेश 99.6 0.3

मेघालय 98.7 1.1

नगालैंड 97.9 0.7

सिक्किम 95.6 2.2

मिजोरम 99.1 0.2

chat bot
आपका साथी