ब्राउन शुगर के साथ ATS ने रांची से 6 लोगों को दबोचा, दूसरे राज्यों से भी जुड़ा है नशे के कारोबार का नेटवर्क

Jharkhand ATS Action झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) अब मादक पदार्थों खासकर ब्राउन शुगर के अंतरराज्यीय नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। इसी छानबीन के क्रम में एटीएस ने शुक्रवार को रांची से छह आरोपितों को दबोचा है।

By Dilip KumarEdited By: Publish:Sat, 18 Mar 2023 10:37 PM (IST) Updated:Sat, 18 Mar 2023 10:37 PM (IST)
ब्राउन शुगर के साथ ATS ने रांची से 6 लोगों को दबोचा, दूसरे राज्यों से भी जुड़ा है नशे के कारोबार का नेटवर्क
(एटीएस) अब मादक पदार्थों खासकर ब्राउन शुगर के अंतरराज्यीय नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

रांची, राज्य ब्यूरो: झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) अब मादक पदार्थों खासकर ब्राउन शुगर के अंतरराज्यीय नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

इसी छानबीन के क्रम में एटीएस ने शुक्रवार को रांची से छह आरोपितों को दबोचा है, जिनसे पूछताछ में इस धंधे से जुड़े दो दर्जन से अधिक संदिग्धों के नाम, पता व मोबाइल नंबर मिले हैं।

एटीएस की टीम ने डेटाबेस किया तैयार 

अब एटीएस इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई करेगी। ब्राउन शुगर के इस धंधे में झारखंड ही नहीं, दूसरे राज्यों का भी नेटवर्क जुड़ा है। एटीएस की टीम इनका डेटाबेस तैयार कर लिया है। अब इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए एटीएस के अधिकारी जुटे हुए हैं।

एटीएस मुख्यालय ने जारी बयान में बताया है कि शुक्रवार को एक सूचना मिली थी कि रांची में कुछ व्यक्ति ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री कर रहे हैं, जबकि यह प्रतिबंधित है।

इसी सूचना पर एक डीएसपी के नेतृत्व में गठित एटीएस की टीम ने उक्त सूचना के सत्यापन में सभी छह आरोपितों को गिरफ्तार किया।

इतना नशीले पदार्थ हुए बरामद

गिरफ्तार आरोपितों के पास से 89 पुड़िया ब्राउन शुगर के अलावा अलग से लगभग 40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। सभी आरोपितों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत एटीएस ने प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि पुलिस मुख्यालय ने झारखंड में संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई करने व इन गिरोहों के फंडिंग, आर्थिक स्रोत का पता लगाने व कार्रवाई करने के लिए झारखंड एटीएस को जिम्मेदारी सौंपा है।

ऐसे गिरोह को हवाला चैनल व इनके अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगाने, इसके अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए भी एटीएस को निर्देश मिला हुआ है।

छापेमारी में ब्राउन शुगर के साथ ये हुए हैं गिरफ्तार

सुनीता देवी (पति श्री भगवान, बेदामोड़, सासाराम, रोहतास, बिहार), रंजन कुमार (हरमू मुक्तिधाम, मछली चौक, अरगोड़ा, रांची), प्रदीप सिंह (श्रीनगर, विद्यानगर, हरमू मुक्तिधाम, अरगोड़ा), हर्ष मिश्रा (रातू रोड, पिस्का मोड़, सुखदेवनगर), अनिमेष कुमार सिंह (हरमू आनंदपुरी, गोविंद भवन, अरगोड़ा) व संजय कुमार साह, अशोक नगर, रोड नंबर दो, मैपल प्लाजा के पास, अरगोड़ा।

महिला बताई जा रही है ब्राउन शुगर सप्लाई गिरोह का किंग पिन

झारखंड एटीएस के अनुसार गिरफ्तार महिला सुनीता देवी ब्राउन शुगर सप्लाई गिरोह का किंग पिन है। वह बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली है।

एटीएस की छानबीन में यह पता चला है कि सुनीता देवी दूसरे राज्यों से ब्राउन शुगर लाकर झारखंड के अपने साथियों को सप्लाई करती है, जिनके माध्यम से शहर में इसे खपाया जाता है। महिला होने के चलते उसपर किसी को शक नहीं होता।

छानबीन में पूरे नेटवर्क का होगा खुलासा

एसपी एटीएस सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने कई गोपनीय जानकारियां दी है, जिसके आधार पर आगे की छानबीन चल रही है। ब्राउन शुगर के अंतरराज्यीय नेटवर्क का पता चला है। अभी और गिरफ्तारियां होंगी, अनुसंधान जारी है।

chat bot
आपका साथी